Hapur News : खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सोमवार शाम कुचेसर रोड चौपला के बनखंडा क्षेत्र में एक मकान में छापा मारा। छापे के दौरान टीम ने 955 किलोग्राम मिलावटी क्रीम बरामद की, जिसे मौके पर ही नष्ट करा दिया गया। नष्ट की गई क्रीम की बाजार कीमत लगभग एक लाख 43 हजार रुपये बताई गई है।
विभागीय जांच में पता चला कि रिफाइंड तेल, सप्रेटा दही और थोड़ी मात्रा में असली क्रीम मिलाकर नकली क्रीम तैयार की जा रही थी। इसी क्रीम से देशी घी और बटर बनाकर बाजार में बेचा जा रहा था।
सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय चंद्रशेखर मिश्र के नेतृत्व में सचल दल ने शाम करीब छह बजे यह कार्रवाई की। टीम ने मौके से क्रीम के दो और वनस्पति के एक नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जांच में यह भी सामने आया कि यह कारोबार बिना किसी वैध खाद्य लाइसेंस के चल रहा था। इस पर टीम ने प्रतिष्ठान को तत्काल बंद करा दिया और संचालक तुषार शर्मा निवासी बनखंडा के खिलाफ बिना लाइसेंस कारोबार करने पर वाद दायर करने की प्रक्रिया शुरू की है।
सहायक आयुक्त ने बताया कि मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी आरपी गंगवार, सोवेन्द्र सिंह पंघाल, सहरिश सादात, मोहित कुमार, आरपी गुप्ता और विपिन कुमार सिंह मौजूद रहे।



