Hapur News : हापुड़ में भाई पर चोरी का मुकदमा दर्ज होने से नाराज युवक ने गुरुवार को मीनाक्षी रोड स्थित सदर विधायक विजयपाल आढ़ती के घर के बाहर पहुंचकर खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह की कोशिश की। परिजनों और स्थानीय लोगों ने उसे रोक लिया। युवक ने चौकी अयोध्यापुरी प्रभारी पर उसके भाई को चोरी के मुकदमे में फंसाने का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।
30 सितंबर को हुई थी चोरी, रिश्ते के भतीजे पर जताया था शक
थाना देहात क्षेत्र के मोहल्ला शिवचरणपुरा में 30 सितंबर को नीतू पत्नी कमल के घर चोरी हुई थी। नीतू की शिकायत के मुताबिक वह परिवार के साथ दुकान गई थीं। इसी दौरान चोर छत के रास्ते घर में घुसे। एक अक्टूबर की सुबह घर लौटने पर उन्हें संदूक का ताला टूटा मिला। उसमें रखी तीन जोड़ी पाजेब, बच्चे के चांद सूरज, एक जोड़ी कान के कुंडल, टूटी फूटी चांदी और 80 हजार रुपए गायब थे। इसके अलावा 20 हजार रुपये की नकदी से भरी गुल्लक भी चोरी हुई थी।
मुकदमे को बताया फर्जी, पिता को चौकी में बैठाने का लगाया आरोप
नीतू ने शिकायत में रिश्ते के भतीजे मोंटी का नाम लेते हुए उस पर चोरी का शक जताया था। पुलिस ने इसी आधार पर मुकदमा दर्ज किया। मोंटी के भाई कृष्ण ने मुकदमे को फर्जी बताते हुए दरोगा पर मिलीभगत का आरोप लगाया। कृष्ण के मुताबिक बुधवार रात पुलिस ने नगर रेलवे स्टेशन से उनके पिता कांछिद को पकड़ा और चौकी में बैठा दिया। इससे नाराज होकर उन्होंने गुरुवार को विधायक के आवास के बाहर खुद पर पेट्रोल छिड़क लिया। हालांकि परिजनों और स्थानीय लोगों ने उन्हें रोक लिया। घटना के बाद पुलिस ने उनके पिता को चौकी से छोड़ दिया।
निष्पक्ष जांच की मांग, पुलिस ने दिया आश्वासन
कृष्ण ने अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कर न्याय दिलाने की मांग की। थाना देहात प्रभारी पारस मलिक ने कहा कि युवक की ओर से लगाए गए आरोपों की भी जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी निर्दोष को परेशान नहीं किया जाएगा और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
ये भी पढ़ें : https://gbntoday.com/hapur-news-men-in-a-thar-vehicle-open-fire-on-youths/
ये भी देखें : https://www.instagram.com/reel/DgM4lnyh__6/?avpt=OTJoMDNvd3Frdzdp



