Hapur News : पिलखुवा कोतवाली के मोहल्ला गढ़ी में सोमवार तड़के करंट लगने से एक किशोर की जान चली गई। मृतक की पहचान 18 साल के मनीष के रूप में हुई है जो इंटरमीडिएट में पढ़ता था।
बताया जा रहा है कि सुबह मनीष अपने कमरे से बाहर आ रहा था तभी जमीन पर पड़े टेबल फैन के कटे हुए तार पर उसका पैर पड़ गया। तार नंगा होने की वजह से उसमें तेज करंट दौड़ रहा था जिसकी चपेट में आकर वह वहीं गिर पड़ा। आवाज सुनकर घर वाले मौके पर पहुंचे और उसे आनन फानन में अस्पताल ले गए लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मनीष परिवार में दो भाइयों में बड़ा था। उसके पिता मूलचंद दिल्ली में मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करते हैं और मां पूजा घर संभालती हैं। छोटा भाई गौरव अभी छठी कक्षा में पढ़ रहा है। मनीष पढ़ाई के साथ साथ काम करके पिता की मदद भी करता था। उसकी मौत से परिवार का सहारा छिन गया है। घटना के बाद मोहल्ले में शोक का माहौल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।




