Hapur News : हापुड़ में उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2027 के कार्यों की समीक्षा की। बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी, जनपद के तीनों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के साथ मतदाता पंजीकरण और पुनरीक्षण से जुड़े कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई और शेष अवधि में काम में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

फॉर्म 6 की प्रगति में हापुड़ 39वें स्थान पर
बैठक में 17 से 24 नवंबर तक आठ दिनों में प्राप्त फॉर्म 6 की विधानसभा और जनपदवार प्रगति की समीक्षा की गई। प्राप्त आवेदनों की संख्या के आधार पर प्रदेश के जनपदों को अवरोही क्रम में रखने पर हापुड़ जनपद 39वें स्थान पर पाया गया। समीक्षा में यह भी सामने आया कि पड़ोसी जनपद गाजियाबाद में फॉर्म 6 प्राप्त करने की प्रगति प्रदेश में प्रथम स्थान पर है। प्रति मतदेय स्थल प्राप्त फॉर्म 6 के आधार पर हापुड़ में औसतन 6.4 आवेदन प्राप्त हुए हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने अपेक्षा व्यक्त की कि गाजियाबाद की तरह हापुड़ में भी अभियान को गति देते हुए पात्र नागरिकों के अधिक से अधिक आवेदन प्राप्त किए जाएं।

मेला ड्यूटी के बाद अभियान में तेजी के निर्देश
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि जनपद में आयोजित मेले के दौरान निर्वाचन कार्यों से जुड़े कई अधिकारी कानून व्यवस्था की ड्यूटी में भी तैनात थे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि मेला समाप्त होने के बाद सभी अधिकारी और कर्मचारी निर्वाचन संबंधी कार्यों के लिए पर्याप्त समय देते हुए पुनरीक्षण अभियान में तेजी लाएं।

हेल्पडेस्क की संख्या बढ़ाने के निर्देश
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने जनपद में मतदाताओं की सुविधा के लिए स्थापित हेल्पडेस्क की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता संबंधी आवेदन और जानकारी प्राप्त करने के लिए अधिक नागरिक पहुंच रहे हैं, वहां आवश्यकतानुसार अतिरिक्त हेल्पडेस्क स्थापित किए जाएं। हेल्पडेस्क पर सरकारी कर्मचारी आलेख्य मतदाता सूची के साथ उपस्थित रहेंगे, ताकि नागरिक अपने नाम और अन्य विवरणों की जांच कर सकें।
फॉर्म और ईसीआईनेट ऐप की सुविधा
हेल्पडेस्क पर फॉर्म 6, फॉर्म 7 और फॉर्म 8 पर्याप्त संख्या में उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए, जिससे नए मतदाताओं का नाम शामिल करने, अपात्र अथवा नियमानुसार हटाए जाने योग्य प्रविष्टियों के संबंध में आपत्ति दर्ज कराने तथा मतदाता सूची में नाम, पता और अन्य विवरणों में संशोधन कराने के लिए नागरिकों को उचित मार्गदर्शन मिल सके। इसके अतिरिक्त नागरिकों को आवेदन फॉर्म भरने तथा ईसीआईनेट ऐप के उपयोग की प्रक्रिया भी समझाई जाएगी। हेल्पडेस्क के माध्यम से मतदाताओं की निर्वाचन संबंधी समस्याओं और जिज्ञासाओं का समाधान भी सुनिश्चित किया जाएगा।
1950 हेल्पलाइन के प्रचार पर जोर
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने 1950 मतदाता हेल्पलाइन का व्यापक प्रचार प्रसार गांव गांव तक कराने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक नागरिक इस सुविधा का लाभ उठा सकें। उन्होंने बताया कि 1950 हेल्पलाइन पर निःशुल्क कॉल करके मतदाता सूची से संबंधित जानकारी प्राप्त की जा सकती है तथा अपनी शिकायत और समस्या दर्ज कराई जा सकती है। इस हेल्पलाइन पर संपर्क करने पर संबंधित जनपद का जिला संपर्क केंद्र सक्रिय होता है, जहां प्रशिक्षित कर्मचारी नागरिकों की शिकायतों और जिज्ञासाओं को सुनकर आवश्यक समाधान और मार्गदर्शन उपलब्ध कराते हैं।
1.70 लाख पात्र नागरिकों तक पहुंच का लक्ष्य
उन्होंने कहा कि जनपद में लगभग 1.70 लाख ऐसे संभावित पात्र नागरिकों तक पहुंचने का लक्ष्य है, जिनके नाम मतदाता सूची में शामिल किए जाने हैं। इसमें विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं, महिलाओं तथा पंजीकरण से छूटे अन्य पात्र नागरिकों पर ध्यान केंद्रित किया जाए।
4 जनवरी को प्रकाशित होगी अंतिम सूची
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि 16 दिसंबर 2026 तक प्राप्त होने वाले आवेदनों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार प्रोसेस किया जाएगा तथा 04 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अब अभियान के लिए सीमित समय शेष है। 25 नवंबर से 16 दिसंबर तक उपलब्ध लगभग 21 दिनों का प्रभावी उपयोग करते हुए सभी अधिकारी और कर्मचारी पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करें।
बीएलओ पर दोहरी जिम्मेदारी के बावजूद काम में तेजी
जिला निर्वाचन अधिकारी ने आश्वस्त किया कि जनपद की पूरी टीम शेष अवधि में पूर्ण मुस्तैदी के साथ निर्वाचन संबंधी कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करेगी। बैठक में यह भी चर्चा हुई कि बूथ लेवल अधिकारियों में से कई कर्मचारी जनगणना संबंधी कार्यों में एन्यूमरेटर के रूप में भी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। इसके बावजूद मतदाता सूची का शुद्धिकरण और पात्र नागरिकों का पंजीकरण महत्वपूर्ण जनसेवा का कार्य है। सभी संबंधित अधिकारी और कर्मचारी समन्वय स्थापित करते हुए अतिरिक्त प्रयास करें, ताकि मतदाता सूची अधिक समावेशी और त्रुटिरहित बन सके।
डुप्लीकेट प्रविष्टियों को हटाने के निर्देश
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने मतदाता सूची में डुप्लीकेट प्रविष्टियों, स्थानांतरण संबंधी विसंगतियों और अन्य त्रुटियों की पहचान कर नियमानुसार उनका निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होना चाहिए तथा अपात्र और डुप्लीकेट प्रविष्टियों के संबंध में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाए।
जेंडर रेशियो में 8 अंकों का सुधार
बैठक में महिला मतदाताओं के जेंडर रेशियो में सुधार की प्रगति की भी समीक्षा की गई। विशेष गहन पुनरीक्षण के बाद जनपद में महिला मतदाताओं की संख्या में आई कमी के परिप्रेक्ष्य में 10 अप्रैल 2026 को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची तथा 17 नवंबर 2026 के आंकड़ों की तुलनात्मक समीक्षा की गई। इसमें जनपद के जेंडर रेशियो में लगभग 8 अंकों का सुधार पाया गया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने इस दिशा में जिला निर्वाचन अधिकारी और उनकी टीम द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना की।
महिला पंजीकरण में और सुधार का लक्ष्य
जिला निर्वाचन अधिकारी ने आश्वस्त किया कि जेंडर रेशियो में सुधार के लिए आगे भी विशेष प्रयास किए जाएंगे तथा कम से कम 40 से 50 अंकों का अतिरिक्त सुधार लाने का लक्ष्य रखते हुए कार्य किया जाएगा। उन्होंने महिला मतदाताओं के पंजीकरण पर विशेष ध्यान देने तथा पात्र महिलाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए प्रभावी कार्ययोजना के साथ अभियान संचालित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कोई पात्र नागरिक न छूटे
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदाता सूची में शामिल करने के साथ साथ मतदाता सूची को शुद्ध और अद्यतन बनाना है। सभी संबंधित अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र नागरिक पंजीकरण से वंचित न रहे। आगामी 04 जनवरी 2027 को प्रकाशित होने वाली अंतिम मतदाता सूची अधिक समावेशी, शुद्ध और त्रुटिरहित हो, इसके लिए सभी स्तरों पर गंभीरता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ कार्य किया जाए।
बैठक में मौजूद रहे अधिकारी
इस बैठक में जिलाधिकारी कविता मीना, अपर जिलाधिकारी वेदप्रकाश मिश्रा, नोडल अधिकारी निर्वाचन अखिलेश कुमार यादव, समस्त निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें : https://gbntoday.com/hapur-news-railway-union-election-process-begins-in-h/
ये भी देखें : https://www.instagram.com/reel/DgK5gbJOVNP/?jplx=MXQ2Nzk2cjJ0Nmtydg==





Pingback: Hapur News : हापुड़ के पीरनगर सूदना में अंबेडकर प्रतिमा से छेड़छाड़, चश्मा तोड़ने पर ग्रामीणों में आक्र