Hapur News : हापुड़ में दसवीं की छात्रा की मौत, परिजनों ने लगाया प्रताड़ना का आरोप

Hapur News : हापुड़ में दसवीं की छात्रा की मौत, परिजनों ने लगाया प्रताड़ना का आरोप

Hapur News : हापुड़ में नगर कोतवाली क्षेत्र के निजामपुर गांव में कक्षा 10 की एक छात्रा की मौत का मामला सामने आया है। परिजनों का आरोप है कि सहपाठियों की ओर से लगातार परेशान किए जाने से आहत होकर छात्रा ने यह कदम उठाया। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

स्कूल में परेशान करने का आरोप

परिजनों के अनुसार छात्रा निजामपुर स्थित एक स्कूल में कक्षा दस में पढ़ती थी। आरोप है कि कक्षा के कुछ छात्र पिछले कई दिनों से उसे परेशान कर रहे थे। 6 अक्टूबर की शाम करीब साढ़े पांच बजे एक युवक ने छात्रा के भाई को इस संबंध में जानकारी दी। यह बात जब छात्रा को पता चली तो वह काफी परेशान हो गई।

अस्पताल में उपचार के दौरान मौत

परिजन छात्रा को गंभीर हालत में हापुड़ के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से उसे दूसरे अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। वहां रात करीब साढ़े नौ बजे चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

परिजनों ने 7 अक्टूबर को नगर कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली प्रभारी सुरेश कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें : https://gbntoday.com/hapur-news-youth-arrested-on-delhi-lucknow-highway-wi/

ये भी देखें : https://www.instagram.com/reel/DePit3YhtQ-/?dlrf=MWtyNTdhemh0eDlwdQ==