Hapur News : दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर 1.44 करोड़ के पुराने नोटों के साथ युवक गिरफ्तार

Hapur News : दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर 1.44 करोड़ के पुराने नोटों के साथ युवक गिरफ्तार

Hapur News : हापुड़ देहात थाना पुलिस ने दिल्ली लखनऊ हाईवे पर चेकिंग अभियान के दौरान बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने बाइक सवार एक युवक को पकड़ा है जिसके पास से एक हजार और पांच सौ के बंद हो चुके नोटों की बड़ी खेप बरामद हुई है। बरामद करेंसी की कीमत एक करोड़ चवालीस लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से नोटों से भरा बैग और बाइक को भी कब्जे में ले लिया है।

बाईपास पर जाल बिछाकर की गई गिरफ्तारी

पुलिस को मुखबिर से जानकारी मिली थी कि एक व्यक्ति पुराने नोट लेकर गाजियाबाद से मेरठ की ओर जा रहा है। सूचना पर देहात पुलिस ने मेरठ बाईपास गोल चक्कर के पास घेराबंदी कर दी। बुधवार देर रात करीब साढ़े दस बजे गाजियाबाद की तरफ से आती एक बाइक को रोकने की कोशिश की गई तो चालक ने भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान देवेंद्र रुहेला 44 वर्ष के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके काले रंग के बैग से नोटों की गड्डियां निकलीं।

गिनती में मिले 161 बंडल

बरामद नोटों की गिनती मशीन से कराई गई तो एक हजार रुपये के 127 बंडल और पांच सौ रुपये के 34 बंडल मिले। एक हजार के बंडलों की कीमत एक करोड़ सत्ताइस लाख और पांच सौ के बंडलों की कीमत सत्रह लाख रुपये है। कुल मिलाकर 161 गड्डियां जब्त की गई हैं।

नोट बदलने के नाम पर कमीशनखोरी का खुलासा

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह इस काम को लखनऊ के रवि उर्फ विक्रांत श्रीवास्तव और गाजियाबाद के अविनाश पांडेय के साथ मिलकर करता है। एडिशनल एसपी महेश कुमार के मुताबिक यह गिरोह लोगों को बंद नोटों के बदले नई करेंसी दिलाने का झांसा देकर कमीशन लेता था और कई लोगों से रुपये इकट्ठा किए गए थे। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर फरार साथियों की तलाश शुरू कर दी है साथ ही आयकर विभाग को भी मामले की जानकारी दे दी गई है।

ये भी पढ़ें : https://gbntoday.com/hapur-news-png-pipeline-ruptured-during-boring-work-i/

ये भी देखें : https://www.instagram.com/reel/DeOhgj_B264/?stkn=MWVhcTZyZjgzbjhvaA==

1 Comment

Comments are closed