गाजियाबाद। मसूरी थाना क्षेत्र स्थित एक फ्लोर सोसाइटी में उस समय हड़कंप मच गया जब एक 22 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान अमन (पुत्र धर्मेंद्र, निवासी अमरोहा) के रूप में हुई है, जो पंजाब में अपनी उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहा था।
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अमन गाजियाबाद में रह रही अपनी एक परिचित युवती से मिलने आया था। बताया जा रहा है कि आज दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी और विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ा कि युवक ने खुद को कमरे में बंद कर लिया। काफी देर तक दरवाजा न खुलने पर इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
पुलिस ने तोड़ा दरवाजा
एसीपी मसूरी भास्कर वर्मा ने बताया कि डायल-112 पर सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने जैसे ही कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, युवक फंदे से लटका हुआ मिला। पुलिस ने उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एसीपी की प्रारंभिक जांच
सहायक पुलिस आयुक्त (मोदीनगर/मसूरी) भास्कर वर्मा ने बताया कि प्राथमिक जांच में युवक और युवती के बीच लंबे समय से मनमुटाव की बात सामने आई है। आज हुई बहस के बाद युवक ने यह आत्मघाती कदम उठाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। मौके पर फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए हैं।
