नोएडा: कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की थाना एक्सप्रेस वे पुलिस ने पत्नी की गैर इरादतन हत्या के मामले में फरार चल रहे एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने यह कार्रवाई लोकल इंटेलिजेंस और त्वरित सूचना के आधार पर की है।
घटना का विवरण
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, गत 31 जुलाई 2026 को अभियुक्त ढेना लोहरा का अपनी पत्नी गीता कुमारी के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इस दौरान मारपीट और विवाद के चलते अभियुक्त द्वारा अपनी पत्नी गीता की गैर इरादतन हत्या कर दी गई थी।
घटना के संबंध में मृतका के परिजनों/वादी द्वारा 01 अगस्त 2026 को थाना एक्सप्रेस वे पर तहरीर दी गई थी, जिसके आधार पर पुलिस ने मु0अ0सं0 118/2026, धारा 105 बीएनएस (BNS) के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया था। तभी से अभियुक्त फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।
ऐसे हुई गिरफ्तारी
दिनांक 08 अगस्त 2026 को थाना एक्सप्रेस वे पुलिस टीम ने सटीक सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए छपरौली टी-प्वाइंट, सेक्टर-168, नोएडा के पास से वांछित अभियुक्त ढेना लोहरा को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण
नाम: ढेना लोहरा पुत्र होपना लोहरा (उम्र करीब 40 वर्ष)
मूल निवासी: बरा खट्टा पानी, थाना तालझारी, जिला साहिबगंज, झारखंड।
वर्तमान पता: निम्बस अरिस्टा के लेबर कैंप की झुग्गी झोपड़ी नंबर 127, सेक्टर-168, थाना एक्सप्रेस वे, नोएडा।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार अभियुक्त को विधिक प्रक्रिया के तहत माननीय न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।



