Hapur News : हापुड़ में कर्ज वसूली से परेशान व्यक्ति ने खाया जहर, मेरठ में हुई मौत

Hapur News : हापुड़ में कर्ज वसूली से परेशान व्यक्ति ने खाया जहर, मेरठ में हुई मौत

Hapur News : हापुड़ के थाना सिम्भावली क्षेत्र के माधापुर गांव में कर्ज की किस्त जमा न कर पाने पर फाइनेंस कंपनी के एजेंटों की प्रताड़ना से परेशान एक व्यक्ति ने जहरीला पदार्थ खा लिया। मेरठ में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। देर रात शव गांव पहुंचा तो परिजनों में कोहराम मच गया।

किस्त न भर पाने पर एजेंट कर रहे थे परेशान

मृतक जयप्रकाश के बेटे विशाल कुमार ने आरोप लगाया है कि उसके पिता ने एक फाइनेंस कंपनी से कर्ज लिया था। पिछले एक महीने से किस्त जमा नहीं हो पाई थी। इसके बाद से कंपनी के वसूली एजेंट फोन पर परेशान कर रहे थे और घर आकर गाली गलौज करते थे। विशाल के मुताबिक डर के कारण उसके पिता पिछले करीब 10 दिन से घर पर भी नहीं रह रहे थे।

मेरठ में इलाज के दौरान तोड़ा दम

विशाल ने बताया कि सोमवार सुबह वसूली एजेंट फिर घर आए और पिता से बदतमीजी की। इससे आहत होकर जयप्रकाश ने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें स्थानीय अस्पताल ले गए, जहां से डॉक्टरों ने मेरठ रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। जयप्रकाश अपने पीछे पत्नी कविता, तीन बेटे विशाल, पंकज और प्रिंस तथा बेटी पलक को छोड़ गए हैं।

पुलिस ने कहा शिकायत पर होगी कार्रवाई

थाना प्रभारी अरविंद चौधरी ने बताया कि मामले में अभी कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें : https://gbntoday.com/hapur-news-preparations-for-the-garhmukteshwar-kart/

ये भी देखें : https://www.instagram.com/reel/De_FGHVpTPh/?mdxt=M3ByMWxrbnJzNW1j