ग्रेटर नोएडा: साजन भाटी हत्याकांड में सूरजपुर पुलिस को बड़ी सफलता, वांछित आरोपी नैमपाल गिरफ्तार

ग्रेटर नोएडा: साजन भाटी हत्याकांड में सूरजपुर पुलिस को बड़ी सफलता, वांछित आरोपी नैमपाल गिरफ्तार

ग्रेटर नोएडा: कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की थाना सूरजपुर पुलिस ने साकीपुर गांव में हुए चर्चित साजन भाटी हत्याकांड में फरार चल रहे एक और वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और मुखबिर की सूचना पर आरोपी को मोजर बियर गोलचक्कर के पास से दबोचा।

नाली और कूड़ा डालने के विवाद में हुई थी हत्या
यह सनसनीखेज वारदात इसी महीने 5/6 मई 2026 की दरमियानी रात को थाना सूरजपुर क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम साकीपुर में हुई थी। यहाँ नाली के पानी की निकासी और कूड़ा डालने जैसी मामूली बात को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया था। विवाद इस कदर बढ़ा कि हमलावरों ने साजन भाटी की गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी थी। घटना के बाद मृतक के चाचा की तहरीर पर सूरजपुर थाने में मु0अ0सं0 243/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।

मोजर बियर गोलचक्कर के पास से दबोचा गया आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर लगातार आरोपियों की धरपकड़ के लिए टीमें दबिश दे रही थीं। सोमवार (18 मई) को पुलिस टीम को सटीक सूचना मिली कि मामले का एक वांछित आरोपी क्षेत्र में ही मौजूद है। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने नैमपाल उर्फ मैमपाल (उम्र 48 वर्ष) पुत्र धर्मी को मोजर बियर गोलचक्कर के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मूल रूप से साकीपुर गांव का ही रहने वाला है।

चार आरोपी अब तक जा चुके हैं जेल
सूरजपुर पुलिस इस हत्याकांड में शामिल मुख्य आरोपियों को पहले ही सलाखों के पीछे भेज चुकी है। पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, इस मामले में नामजद आरोपी वीर सिंह, मंगेश उर्फ टिल्लू और वीरमती को पूर्व में ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। नैमपाल की गिरफ्तारी इस केस में चौथी बड़ी कामयाबी है।
पुलिस ने आरोपी नैमपाल को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। मामले से जुड़े अन्य पहलुओं और साक्ष्यों पर पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *