ग्रेटर नोएडा: दीपिका नागर केस में पुलिस को मिली एक और बड़ी सफलता, लोकल इंटेलिजेंस की मदद से तीसरा आरोपी विनोद भी गिरफ्तार

ग्रेटर नोएडा: दीपिका नागर केस में पुलिस को मिली एक और बड़ी सफलता, लोकल इंटेलिजेंस की मदद से तीसरा आरोपी विनोद भी गिरफ्तार

ग्रेटर नोएडा (ब्यूरो चीफ): ग्रेटर नोएडा वेस्ट के जलपुरा गांव में हुई नवविवाहिता दीपिका नागर की सनसनीखेज दहेज हत्या के मामले में कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की ईकोटेक-3 थाना पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में बर्बरता का खुलासा होने के बाद एक्शन मोड में आई पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए इस खौफनाक वारदात में नामजद तीसरे आरोपी विनोद को भी गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है। इस मामले में मृतका के पति ऋतिक और ससुर मनोज प्रधान को पुलिस पहले ही जेल भेज चुकी है।

लोकल इंटेलिजेंस की मदद से पुलिस ने बिछाया जाल:
थाना ईकोटेक-3 पुलिस को मुखबिर और लोकल इंटेलिजेंस से सूचना मिली थी कि दीपिका की मौत के बाद से फरार चल रहा आरोपी विनोद क्षेत्र से कहीं दूर भागने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और जाल बिछाकर आरोपी विनोद को धर दबोचा। विनोद की गिरफ्तारी के बाद अब इस मामले में नामजद मुख्य आरोपियों पर कानून का शिकंजा पूरी तरह कस गया है।

BNS की नई धाराओं के तहत विधिक कार्रवाई:
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी विनोद के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 188/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 85 (महिला के प्रति क्रूरता), 80(2) (दहेज हत्या/संदिग्ध परिस्थितियों में मौत) और 3/4 दहेज प्रतिषेध अधिनियम 1961 के अंतर्गत कड़ी कानूनी कार्रवाई की है। आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने आरोपी विनोद को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

वैज्ञानिक साक्ष्यों के बाद अब आरोपियों को सजा दिलाने की तैयारी:
हाल ही में सामने आई दीपिका की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट ने ससुराल पक्ष के ‘आत्महत्या’ के दावों की धज्जियां उड़ा दी थीं, जिसमें दीपिका के शरीर पर बर्बरता के 10 गंभीर निशान और अंदरूनी मार के कारण तिल्ली (Spleen) फटने की पुष्टि हुई थी। इस वैज्ञानिक साक्ष्य के बाद पुलिस अब विनोद समेत तीनों आरोपियों के खिलाफ कोर्ट में एक बेहद मजबूत चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी कर रही है, ताकि पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द न्याय मिल सके।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *