Hapur News : हापुड़ के बदनौली गांव में पुरानी रंजिश के चलते हुई मारपीट, फायरिंग और पथराव के मामले ने तूल पकड़ लिया है। रविवार को युवा शक्ति दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट रवि गौतम पीड़ित परिवार से मिलने गांव पहुंचे। गांव में भारी पुलिस बल तैनात होने के कारण पुलिस ने उन्हें पहले रोकने का प्रयास किया, लेकिन वे पुलिस को चकमा देकर गांव में प्रवेश कर गए। हालांकि पुलिस ने उन्हें पीड़ित के घर तक जाने से रोक दिया। इस दौरान पुलिसकर्मियों और उनके समर्थकों के बीच नोकझोंक भी हुई।
पुलिस की मौजूदगी में हुई पीड़ित परिवार से मुलाकात
मामले की जानकारी मिलने पर सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार मौके पर पहुंचे और रवि गौतम को गांव से बाहर ले आए। इसके बाद पुलिस ने सुरक्षा घेरे में मृतक दीपक के पिता और भाई की रवि गौतम से मुलाकात कराई। रवि गौतम ने परिवार को सांत्वना दी और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी कर कड़ी सजा देने की मांग की।
पुरानी रंजिश में हुई थी फायरिंग, एक युवक की मौत
पुलिस के अनुसार 4 सितंबर की सुबह पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्ष आमने सामने आ गए थे। आरोप है कि इस दौरान फायरिंग और पथराव हुआ, जिसमें दीपक उर्फ गोलू, बंटी उर्फ विजय और मुनेश गोली लगने से घायल हो गए। अंकित के चेहरे पर ईंट लगने से वह भी घायल हो गया। इलाज के दौरान रविवार को दीपक की मौत हो गई।
9 आरोपी गिरफ्तार, गांव में भारी पुलिस बल तैनात
पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 13 नामजद और 15 से 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। सीओ दीपक चतुर्वेदी ने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और गांव में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
ये भी पढ़ें : https://gbntoday.com/hapur-news-constable-commits-suicide-by-shooting/
ये भी देखें : https://www.instagram.com/reel/DdOibtoBov5/?stkn=MTNjY2tzNDE1N3owcA==



