Hapur News : हापुड़ के धौलाना थाने में सिपाही ने सरकारी राइफल से गोली मारकर दी जान, थाने में मचा हड़कंप

Hapur News : हापुड़ के धौलाना थाने में सिपाही ने सरकारी राइफल से गोली मारकर दी जान, थाने में मचा हड़कंप

Hapur News : जनपद हापुड़ के धौलाना थाने से एक दुखद और हैरान करने वाला मामला सामने आया है। थाने में तैनात एक पुलिस सिपाही ने पहरा ड्यूटी के दौरान अपनी सरकारी राइफल से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। गोली चलने की आवाज सुनकर थाना परिसर में हड़कंप मच गया और अफरा तफरी फैल गई।

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

घटना के बाद साथी पुलिसकर्मियों ने घायल सिपाही को तुरंत पिलखुवा स्थित मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक सिपाही की पहचान आगरा निवासी आशीष के रूप में हुई है।

आगरा का रहने वाला था मृतक सिपाही

मिली जानकारी के अनुसार आगरा जिले के निबौरा थाना क्षेत्र के फतेहाबाद तहसील के गांव हीरापुरा निवासी आशीष 2025 बैच का सिपाही था। वह 24 अप्रैल को स्थानांतरण के बाद धौलाना थाने में तैनात हुआ था। रविवार सुबह उसकी ड्यूटी थाने में पहरा ड्यूटी पर लगी थी।

फोन पर बात करने के बाद उठाया खौफनाक कदम

बताया जा रहा है कि रविवार सुबह ड्यूटी के दौरान सिपाही आशीष फोन पर किसी से बात कर रहा था। फोन कटने के कुछ देर बाद ही उसने अपनी सरकारी राइफल से खुद को गोली मार ली। तेज आवाज सुनते ही थाने में मौजूद पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और खून से लथपथ सिपाही को तुरंत अस्पताल ले गए।

दो दिन पहले ही छुट्टी से लौटा था थाने

जांच में सामने आया है कि सिपाही आशीष दो दिन पहले ही अपने गांव से 15 दिन की छुट्टी बिताकर वापस ड्यूटी पर लौटा था। घर से लौटने के महज 48 घंटे के भीतर उसके द्वारा उठाए गए इस आत्मघाती कदम से साथी पुलिसकर्मी भी स्तब्ध हैं।

मानसिक तनाव में था सिपाही, सीडीआर खंगाल रही पुलिस

शुरुआती जांच और सहकर्मियों से मिली जानकारी के अनुसार सिपाही पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव में था। हालांकि आत्महत्या की असली वजह क्या है इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना से ठीक पहले सिपाही की फोन पर किससे बात हुई थी, इसकी पड़ताल के लिए कॉल डिटेल रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचना दे दी है।

ये भी पढ़ें : https://gbntoday.com/hapur-news-fire-breaks-out-in-a-pm-awas-yojana-flat/

ये भी देखें : https://www.instagram.com/reel/DdOBdYzBcrI/?stkn=dG83aTE0OHVheTBm