Hapur News : हापुड़ में भूख का नाटक कर महिला से लाखों की ठगी, नशीला पदार्थ लगाकर जेवर लेकर फरार

Hapur News : हापुड़ में भूख का नाटक कर महिला से लाखों की ठगी, नशीला पदार्थ लगाकर जेवर लेकर फरार

Hapur News : हापुड़ नगर कोतवाली क्षेत्र में ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बाजार से घर लौट रही एक महिला को दो ठगों ने नशीला पदार्थ सुंघाकर और बातों में फंसाकर लाखों रुपये की ज्वेलरी और नकदी ठग ली। ठगों ने महिला से 9 तोले सोने के जेवर, 2 किलो चांदी और 50 हजार रुपये नकद लेकर बदले में कागज में लपेटकर पत्थर थमा दिए। होश आने पर जब महिला ने परिजनों को पूरी घटना बताई तो परिवार के होश उड़ गए।

रफीकनगर की महिला से मजीदपुरा में हुई वारदात

यह घटना मोहल्ला रफीकनगर की है। रफीकनगर निवासी रहीसुद्दीन की पत्नी नाजरीन शनिवार शाम बाजार से खरीदारी कर घर लौट रही थीं। मोहल्ला मजीदपुरा के पास सड़क किनारे खड़े दो युवकों ने उन्हें रोका और खुद को भूखा बताकर खाने के लिए मदद मांगी। महिला ने मानवता के नाते अपने बैग से 200 रुपये निकालकर दे दिए।

200 के नोट पर लगाया नशीला पदार्थ

आरोप है कि इसी दौरान एक ठग ने 200 रुपये के नोट पर पहले से रखा कोई नशीला पदार्थ लगा दिया और फिर नोट वापस करते हुए कहा कि उन्हें पैसे नहीं बल्कि घर का खाना चाहिए। नोट हाथ में लेते ही महिला नशीले पदार्थ के असर में आ गई और ठगों के कहने पर चलने लगी। ठग महिला के साथ उसके घर तक पहुंच गए।

घर से लाकर दे दिए सारे जेवर

सम्मोहित अवस्था में महिला घर के अंदर गई और वहां रखा सारा कीमती सामान एक कट्टे में भरकर बाहर ले आई। महिला ने करीब 9 तोले सोने के आभूषण, 2 किलो चांदी के जेवर और 50 हजार रुपये की नकदी दोनों युवकों को सौंप दी। इसके बाद ठगों ने बड़ी चालाकी से दो पत्थरों को अखबार में लपेटकर महिला को दे दिया और कहा कि इसे दो दिन तक नहीं खोलना है। इतना कहकर दोनों फरार हो गए।

होश आने पर खुला राज, पैकेट में निकले पत्थर

घर पहुंचते ही महिला की हालत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर गिर पड़ी। परिजनों ने डॉक्टर को बुलाकर इलाज कराया। करीब 24 घंटे बाद रविवार रात 10 बजे के आसपास होश आने पर महिला ने पूरी आपबीती बताई। जब परिजनों ने अखबार का पैकेट खोला तो उसमें जेवर की जगह पत्थर निकले।

पुलिस सीसीटीवी से कर रही तलाश

सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। कोतवाली प्रभारी सुरेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। मजीदपुरा से रफीकनगर तक लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

ये भी पढ़ें : https://gbntoday.com/hapur-news-tension-in-hapurs-badanouli-following-firing-and-stone-pelting-yuva-shakti-dal-president-visits-the-affected-family/

ये भी देखें : https://www.instagram.com/reel/DdQmPnahc_6/?stkn=MWJwaTU2NW1hM3VkMg==