Hapur News : हापुड़ में नगर कोतवाली क्षेत्र के आनंद विहार कॉलोनी में रविवार सुबह करीब आठ बजे प्रधानमंत्री आवास योजना के एक फ्लैट में अचानक आग लग गई। आग लगते ही फ्लैट में मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश करते हुए दमकल विभाग को सूचना दी।
दो फायर टैंकरों ने पाया आग पर काबू
सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। करीब दो फायर टैंकरों की मदद से दमकलकर्मियों ने समय रहते आग पर काबू पा लिया। समय पर कार्रवाई होने से आग आसपास के फ्लैटों तक नहीं फैली।
आग बुझाने के दौरान युवक झुलसा, मासूम बेहोश हुई
जानकारी के मुताबिक विकास भवन के पास आनंद विहार में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने फ्लैट में विकास बंसल परिवार के साथ रहते हैं। आग बुझाने के प्रयास में उनके बेटे चुन्नू बंसल झुलस गए। वहीं विकास बंसल की पौत्री वंशिका के नाक में धुआं जाने से वह बेहोश हो गई। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
फ्लैट का सारा सामान जलकर राख
आग से फ्लैट में रखा फ्रिज, बेड, कपड़े, बर्तन और अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गया। परिवार को काफी नुकसान हुआ है। स्थानीय लोगों ने बताया कि अगर दमकल टीम समय पर नहीं पहुंचती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
शॉर्ट सर्किट बनी आग की वजह
फायर ऑफिसर अरशद ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट सामने आया है। दो फायर टैंकरों की मदद से आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। दमकल विभाग की टीम मामले की जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें : https://gbntoday.com/hapur-news-allegation-of-misconduct-towards-a-lawyer/
ये भी देखें : https://www.instagram.com/reel/DdN7Hc1B_wB/?stkn=MWVpYjUxcXY4M20yZQ==




