Hapur News : हापुड़ में अधिवक्ता से अभद्रता का आरोप, कोतवाली में अधिवक्ताओं ने किया हंगामा

Hapur News : हापुड़ में अधिवक्ता से अभद्रता का आरोप, कोतवाली में अधिवक्ताओं ने किया हंगामा

Hapur News : हापुड़ में नेशनल हाईवे-9 पर ब्रजघाट टोल के पास देर रात एक अधिवक्ता के साथ अभद्रता का मामला सामने आया है। घटना को लेकर शनिवार को गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली में जमकर हंगामा हुआ। बड़ी संख्या में अधिवक्ता कोतवाली पहुंचे और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कार्रवाई की मांग की।

अधिवक्ता ने उप निरीक्षक पर लगाए अभद्रता के आरोप

अधिवक्ता अर्जुन शर्मा ने बताया कि वह देर रात मोटरसाइकिल से ब्रजघाट से अपने घर गढ़ लौट रहे थे। ब्रजघाट टोल के पास पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी और पुलिसकर्मियों ने उनकी मोटरसाइकिल रोक ली। आरोप है कि परिचय देने के बाद भी उपनिरीक्षक ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। इसको लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। अर्जुन शर्मा का कहना है कि उन्होंने खुद को गढ़ क्षेत्र का अधिवक्ता बताया था, इसके बावजूद उनके साथ ठीक से पेश नहीं आया गया।

सूचना पर कोतवाली पहुंचे दर्जनों अधिवक्ता

घर पहुंचने के बाद अर्जुन शर्मा ने पूरी घटना की जानकारी बार अध्यक्ष और साथी अधिवक्ताओं को दी। जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में अधिवक्ता कोतवाली पहुंच गए। अधिवक्ताओं ने थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह बिष्ट से वार्ता की और संबंधित उप निरीक्षक को सामने बुलाने की मांग की।

बातचीत के दौरान फिर बढ़ा विवाद

वार्ता के दौरान उपनिरीक्षक के जवाब पर अधिवक्ताओं ने आपत्ति जताई, जिसके बाद कोतवाली परिसर में हंगामा शुरू हो गया। काफी देर तक चली बहस के बाद अधिवक्ता कोतवाली से बाहर आ गए और बाहर निकलकर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि मामले में कार्रवाई नहीं हुई तो बार स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।

सीओ बोले- जांच के बाद होगी कार्रवाई

मामले में सीओ राहुल यादव ने बताया कि अधिवक्ता से अभद्रता के आरोप की जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें : https://gbntoday.com/hapur-news-speeding-trolley-rams-into-canter-on-nh-9/

ये भी देखें : https://www.instagram.com/reel/DdLm3C6B0_Y/?stkn=MW1uNGJiZnlhYmxvOA==