Hapur News : हापुड़ में दवाओं से भरा ई-रिक्शा लेकर फरार हुआ चालक, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

Hapur News : हापुड़ में दवाओं से भरा ई-रिक्शा लेकर फरार हुआ चालक, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

Hapur News : हापुड़ में नगर कोतवाली क्षेत्र में दिल्ली रोड पर दवाओं से भरा ई-रिक्शा लेकर चालक फरार हो गया। ई-रिक्शा में 50 हजार रुपये से ज्यादा कीमत की दवाइयां रखी थीं। घटना का शुक्रवार को सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में चालक और ई-रिक्शा दिख रहा है लेकिन वाहन पर नंबर प्लेट न होने से पहचान में दिक्कत आ रही है।

बाइक से आगे निकला कर्मचारी, पीछे से गायब हुआ रिक्शा

जानकारी के अनुसार बंधु मेडिकल एजेंसी के कर्मचारी आकाश अग्रवाल ने दोपहर करीब एक बजे एसएसवी डिग्री कॉलेज के पास स्थित ट्रांसपोर्ट कंपनी से दवाओं की पांच पेटियां ई-रिक्शा में लदवाई थीं। उन्हें करीब एक किलोमीटर दूर शहर की ही दूसरी मेडिकल एजेंसी पर ये पेटियां पहुंचानी थीं। कर्मचारी बाइक से थोड़ा आगे निकल गया और इसी दौरान चालक ई-रिक्शा समेत दवाइयां लेकर गायब हो गया।

शहर भर में तलाश के बाद पुलिस को दी सूचना

आकाश अग्रवाल सर्राफा बाजार के रहने वाले हैं और बुलंदशहर के गुलावठी स्थित बंधु मेडिकल एजेंसी में काम करते हैं। यह एजेंसी पशुओं की दवाओं का थोक कारोबार करती है। घटना के बाद उन्होंने शहर भर में कई घंटे तक चालक की तलाश की। कोई सुराग न मिलने पर उन्होंने एजेंसी के मालिक आशीष सिंघल और पुलिस को सूचना दी।

नंबर प्लेट न होने से बढ़ी पुलिस की मुश्किल

सामने आए सीसीटीवी फुटेज में ई-रिक्शा और चालक साफ नजर आ रहा है लेकिन आगे और पीछे नंबर प्लेट नहीं है, जिससे पुलिस को तलाश में परेशानी हो रही है। फिलहाल पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है और फुटेज के सहारे चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। देर रात तक दवाओं और ई-रिक्शा का कोई पता नहीं चल सका था।

ये भी पढ़ें : https://gbntoday.com/hapur-news-administration-on-alert-for-ganpati-visarj/

ये भी देखें : https://www.instagram.com/reel/Dc_HTp8h95q/?stkn=M3FzYzhjbmpydHly