Hapur News : नगर कोतवाली पुलिस ने दीपावली से पहले अवैध पटाखा बिक्री की तैयारी पर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने रामपुर रोड पर छापा मारकर पटाखों के 19 कार्टन बरामद किए हैं, जिनकी कीमत करीब एक लाख रुपये बताई जा रही है। मौके से पुलिस ने मोहसिन नाम के युवक को गिरफ्तार किया है।
गश्त के दौरान मिली थी सूचना
पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि मेरठ गेट चौकी प्रभारी रविंद्र कुमार अपनी टीम के साथ पुरानी चुंगी और बुलंदशहर रोड क्षेत्र में गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि रामपुर रोड पर एक व्यक्ति भारी मात्रा में पटाखे लेकर खड़ा है और दीपावली पर उन्हें बेचने की फिराक में है।
भागने की कोशिश नाकाम, आरोपी दबोचा गया
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बताए गए स्थान की घेराबंदी की। पुलिस को देखकर संदिग्ध व्यक्ति भागने लगा, लेकिन टीम ने दौड़ाकर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान मोहल्ला नवी करीम निवासी मोहसिन के रूप में हुई। तलाशी में उसके पास से 19 कार्टन अवैध पटाखे बरामद हुए।
लाइसेंस नहीं दिखा पाया आरोपी
पुलिस ने आरोपी से पटाखों के भंडारण और बिक्री का लाइसेंस मांगा, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। इसके बाद पुलिस ने सभी पटाखों को कब्जे में ले लिया। सीओ दीपक चतुर्वेदी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जब्त पटाखों की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि दीपावली के मद्देनजर अवैध पटाखा भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें : https://gbntoday.com/hapur-news-mega-legal-aid-camp-held-at-hapur-court-co/
ये भी देखें : https://www.instagram.com/reel/DfMaFjgBluV/?vrfl=M3cxcHN3MGN6aDZ6



