Hapur News : हापुड़ के जनपद न्यायालय परिसर में रविवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से मेगा विधिक सहायता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अजय कुमार प्रथम ने फीता काटकर और दीप प्रज्वलित कर किया। यह शिविर शाम पांच बजे तक चला, जिसमें न्यायिक और प्रशासनिक अधिकारी, अधिवक्ता तथा विभिन्न विभागों के कर्मचारी मौजूद रहे।

सरकारी योजनाओं से 893 लोगों को लाभ
शिविर में सरकारी योजनाओं के तहत करीब 893 पात्र लोगों को लाभान्वित किया गया। लाभार्थियों को डमी चेक, ट्राईसाइकिल, दोना पत्तल बनाने की मशीनें और प्रमाण पत्र वितरित किए गए। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने बताया कि पात्र व्यक्तियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना मुख्य उद्देश्य है।

जिला जज ने दिया जागरूकता का संदेश
इस अवसर पर जिला जज अजय कुमार प्रथम ने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना प्राथमिकता है। जिन लोगों को शिविर में लाभ नहीं मिल सका है, वे आने वाले दिनों में संबंधित विभागों से संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने लोगों से योजनाओं की जानकारी रखने और पात्रता के अनुसार आवेदन करने की अपील की।
पीएलवी कर रहे ग्रामीण क्षेत्रों में प्रचार
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने बताया कि कानूनी अधिकारों और सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए समय समय पर प्री कैंप लगाए जाते हैं। पराविधिक स्वयंसेवक ग्रामीण और शहरी इलाकों में जाकर लोगों को जागरूक करने का कार्य कर रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक लोग योजनाओं से जुड़ सकें।

संचालन और आभार
कार्यक्रम का संचालन सिविल जज जूनियर डिवीजन एफटीसी प्रथम एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट शैली शरण ने किया। अंत में अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव डॉ. ब्रह्मपाल सिंह ने सभी न्यायिक और प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों और लाभार्थियों का आभार व्यक्त किया।
ये भी पढ़ें : https://gbntoday.com/hapur-news-traffic-month-begins-in-hapur-sp-flags/
ये भी देखें : https://www.instagram.com/reel/DfMVPcrha4i/?psln=MXhma29qN3owcjFneA==





Pingback: Hapur News : हापुड़ में अवैध पटाखा भंडारण का भंडाफोड़, एक लाख के 19 कार्टन जब्त, एक गिरफ्तार - GBN Today