ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा वेस्ट में सनसनी फैलाने वाले दीपक नागर हत्याकांड में कमिश्नरेट सेंट्रल नोएडा पुलिस को कुछ ही घंटों के भीतर बड़ी सफलता हाथ लगी है। ईकोटेक थर्ड थाना पुलिस की बदमाशों के साथ तड़के एक सीधी मुठभेड़ हो गई। इस एनकाउंटर में मुख्य आरोपी जगत और उसका साथी हर्ष पुलिस की जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगने से घायल हो गए हैं।
डी चौकी गोल चक्कर के पास घेराबंदी
जानकारी के अनुसार, दीपक नागर की हत्या के बाद से ही सेंट्रल नोएडा की पुलिस टीमें आरोपियों की तलाश में ताबड़तोड़ दबिश दे रही थीं। इसी बीच ईकोटेक थर्ड थाना पुलिस को सूचना मिली कि हत्याकांड के मुख्य आरोपी भागने की फिराक में हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए डी चौकी के पास गोल चक्कर पर घेराबंदी की। खुद को पुलिस से घिरा देख बदमाशों ने बचने के लिए पुलिस टीम पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।
आत्मरक्षार्थ फायरिंग में घायल हुए बदमाश, अवैध हथियार बरामद
बदमाशों की गोलीबारी के जवाब में पुलिस टीम ने भी आत्मरक्षार्थ गोलियां चलाईं। पुलिस की सटीक जवाबी कार्रवाई में मुख्य आरोपी जगत और उसका साथी हर्ष पैर में गोली लगने से लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े, जिन्हें पुलिस ने तत्काल दबोच लिया। पुलिस ने घायल बदमाशों के कब्जे से:
02 अवैध तमंचे
भारी मात्रा में जिंदा व खोखा कारतूस बरामद किए हैं।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों घायल अपराधियों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया है।
देर रात अंधाधुंध गोलियां बरसाकर की थी हत्या
डीसीपी सेंट्रल नोएडा के मुताबिक, पकड़े गए शातिर आरोपियों ने देर रात अपने कुछ अन्य साथियों के साथ मिलकर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया था। पुरानी रंजिश या आपसी विवाद के चलते आरोपियों ने दीपक नागर को घेरकर उस पर अंधाधुंध गोलियां बरसाई थीं, जिससे उसकी मौत हो गई थी और वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए थे।
शेष आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए मुख्य शूटरों को मुठभेड़ में ढेर कर सलाखों के पीछे पहुंचाने का काम किया है। डीसीपी ने साफ किया है कि इस वारदात में शामिल इनके अन्य साथियों की भी पहचान कर ली गई है और उन्हें भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

