नोएडा: बिजली संकट पर भड़की भाकियू (लोकशक्ति), मुख्य अभियंता को घेरा; घरों के ऊपर से हाईटेंशन लाइनें हटाने सहित रखीं 9 मांगें

नोएडा: बिजली संकट पर भड़की भाकियू (लोकशक्ति), मुख्य अभियंता को घेरा; घरों के ऊपर से हाईटेंशन लाइनें हटाने सहित रखीं 9 मांगें

नोएडा (गौतम बुद्ध नगर): जनपद के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में लगातार आ रही बिजली की अघोषित कटौती, जर्जर तारों और बढ़े हुए बिलों की समस्या को लेकर भारतीय किसान यूनियन (लोकशक्ति) ने विद्युत विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को सेक्टर-16 स्थित विद्युत विभाग के कार्यालय पर मुख्य अभियंता (चीफ) संजय कुमार जैन के साथ भाकियू लोकशक्ति के पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई।
यह बैठक युवा जिलाध्यक्ष ठाकुर अमित गौड़ के नेतृत्व में आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता संगठन के परिवहन मंत्री ओमप्रकाश गुर्जर ने की।

घरों के ऊपर से गुजरती मौत की लाइनें हटाने की चेतावनी
बैठक के दौरान संगठन के राष्ट्रीय महासचिव चौधरी बीसी प्रधान ने कड़े शब्दों में विद्युत विभाग को चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि गौतम बुद्ध नगर के हर गांव और नगर में आबादी दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है, लेकिन विभाग की लापरवाही के कारण पुरानी और जर्जर लाइनें अब भी लोगों के घरों के ऊपर से गुजर रही हैं। यह कभी भी किसी बड़े हादसे का सबब बन सकती हैं। उन्होंने इन खतरनाक लाइनों को जल्द से जल्द आबादी क्षेत्र से बाहर शिफ्ट करने की मांग उठाई।

बढ़े हुए बिलों के समाधान के लिए बने ‘सिंगल विंडो’
किसान नेताओं ने मुख्य अभियंता के सामने उपभोक्ताओं की सबसे बड़ी परेशानी रखते हुए कहा कि बढ़े हुए और गलत बिजली बिलों को ठीक कराने के लिए जनता को दफ्तरों के चक्कर काटने पड़ते हैं। संगठन ने मांग की कि उपभोक्ताओं की इस समस्या के निराकरण के लिए एक ही जगह (सिंगल विंडो सिस्टम) पर समाधान की व्यवस्था की जाए ताकि लोगों को इधर-उधर न भटकना पड़े।

मुख्य अभियंता ने दिया आश्वासन, सौंपा 9 सूत्रीय ज्ञापन
बैठक के अंत में भाकियू लोकशक्ति के कार्यकर्ताओं ने मुख्य अभियंता संजय कुमार जैन को 9 मुख्य समस्याओं से संबंधित एक ज्ञापन सौंपा। समस्याओं की गंभीरता को देखते हुए मुख्य अभियंता (चीफ) ने संगठन को आश्वस्त किया कि वे सभी जायज मांगों पर जल्द से जल्द संज्ञान लेंगे और क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था में सुधार कर समस्याओं का स्थाई निराकरण सुनिश्चित करेंगे।

बैठक में ये प्रमुख कार्यकर्ता रहे मौजूद
इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्य रूप से चौधरी बीसी प्रधान, चौधरी ओमप्रकाश गुर्जर, ठाकुर अमित गौड़, सतपाल यादव, प्रताप नागर, जीता ठाकुर, ठाकुर सुनील भाटी, चौधरी महेश तंवर, ठाकुर प्रदीप भाटी, ठाकुर संजय भाटी, ठाकुर खेमे सिंह, ठाकुर शीलू सिंह, राजकुमार उर्फ मोनू, अजब सिंह भाटी, हरि अवाना, विजयपाल भाटी, हरेन्द्र बैसोया, आनंद भाटी, अरुण गौतम और अंकुर कश्यप सहित दर्जनों किसान कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *