Hapur News : हापुड़ में खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच में नकली क्रीम बनाने के बड़े खेल का खुलासा हुआ है। मोहल्ला लोधीपुर सोटावली स्थित देव फ्रेश मैन्युफैक्चरिंग यूनिट से पांच दिन पहले लिए गए 11 नमूनों की जांच रिपोर्ट सामने आई है। रिपोर्ट में क्रीम के दो और दही का एक नमूना असुरक्षित पाया गया है। विभाग का कहना है कि यहां दही में वनस्पति घी, रिफाइंड सोयाबीन तेल और केमिकल एसेंस मिलाकर क्रीम तैयार की जा रही थी। इसके अलावा वनस्पति घी समेत आठ नमूने अधोमानक और मिसब्रांडेड श्रेणी में मिले हैं। इस मामले में थाने में एफआईआर भी दर्ज की जा चुकी है।
चार जिलों की टीम ने मारा था छापा, 35 क्विंटल से ज्यादा माल हुआ था बरामद
बुधवार को हापुड़ समेत चार जिलों की संयुक्त टीम ने देव फ्रेश प्लांट पर छापा मारा था। कार्रवाई के दौरान मौके से करीब 530 किलो प्रिंटेड पैकेट में क्रीम, 275 किलो सादे पैकेट में क्रीम, 500 किलो दही, 80 किलो मिल्क क्रीम और 22 किलो डबल काउ एसएमपी बरामद हुई थी। इसके साथ ही 915 किलो नेचर फ्रेश वनस्पति घी, 61 टिनों में 572 किलो रिफाइंड सोयाबीन तेल और प्लास्टिक के डिब्बों में करीब 600 किलो रिफाइंड तेल भी मिला था।
सफेद बाल्टियों में रखा था वनस्पति घी
जांच में सामने आया कि प्लांट में सफेद बाल्टियों में वनस्पति घी रखा हुआ था जिसका इस्तेमाल मिलावटी क्रीम बनाने में किया जा रहा था। छापेमारी के दौरान कुल करीब 3514 किलो सामग्री बरामद की गई थी। यह प्लांट बनखंडा निवासी किशनचंद के नाम पर संचालित हो रहा था। इससे पहले भी उसके प्रतिष्ठान से लिया गया क्रीम का नमूना असुरक्षित मिला था।
लाइसेंस रद्द करने की तैयारी, जब्त माल होगा नष्ट
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा चंद्रशेखर मिश्रा ने बताया कि क्रीम के दो और दही का एक नमूना असुरक्षित पाया गया है जबकि शेष आठ नमूने मानकों पर खरे नहीं उतरे हैं। विभाग अब जब्त की गई 1305 किलो क्रीम और दही को नष्ट कराने की कार्रवाई करेगा। साथ ही प्लांट का सेंट्रल लाइसेंस रद्द करने के लिए शासन को पत्र भेजा जाएगा।





Pingback: Hapur News : दिवाली से पहले हापुड़ में अवैध पटाखों का जखीरा पकड़ा, दो सगे भाई गिरफ्तार - GBN Today