Hapur News : हापुड़ में मिलावट के खिलाफ खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, भारत डेयरी पर मारा छापा, 80 लीटर दूध कराया नष्ट

Hapur News : हापुड़ में मिलावट के खिलाफ खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, भारत डेयरी पर मारा छापा, 80 लीटर दूध कराया नष्ट

Hapur News : हापुड़ में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ रविवार को बड़ी कार्रवाई की। दोपहर करीब एक बजे सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा चंद्रशेखर मिश्र के नेतृत्व में विभाग की टीम ने धौलाना क्षेत्र के बौड़ा कलां गांव स्थित भारत डेयरी पर छापा मारा। निरीक्षण के दौरान टीम को डेयरी में बेहद गंदगी और अस्वच्छ हालात में खोआ तैयार होता मिला। इस पर टीम ने मौके पर रखे 80 लीटर दूध को मानकों के अनुरूप न होने पर मौके पर ही नष्ट करा दिया।

मिक्स मिल्क और खोआ के लिए सैंपल, लैब भेजी गई जांच रिपोर्ट

जांच के दौरान टीम ने पाया कि डेयरी में खाद्य पदार्थ बनाने में स्वच्छता के नियमों का बिल्कुल भी पालन नहीं किया जा रहा था। इस पर अधिकारियों ने मिक्स मिल्क और खोआ के एक एक नमूने को कब्जे में लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा है। अचानक हुई इस छापेमारी की कार्रवाई से क्षेत्र के डेयरी संचालकों में हड़कंप मच गया।

रिपोर्ट के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई

सहायक आयुक्त चंद्रशेखर मिश्र ने बताया कि दोनों नमूनों को जांच के लिए लैब भेज दिया गया है। लैब से रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। यदि जांच में नमूने फेल पाए जाते हैं तो डेयरी संचालक के खिलाफ खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी डेयरी संचालकों को चेतावनी दी है कि खाद्य पदार्थों के निर्माण और बिक्री के दौरान साफ सफाई और गुणवत्ता के मानकों का पूरी तरह पालन करें।

ये भी पढ़ें : https://gbntoday.com/hapur-news-farmer-dies-a-tragic-death-after-coming-in/

ये भी देखें : https://www.instagram.com/reel/DeT39l5hRlQ/?mdxt=MTV1bmdnNmVtd3Rmcw==