Hapur News : हापुड़ में नवरात्रि और दशहरा पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम, डीएम-एसपी ने किया फ्लैग मार्च

Hapur News : हापुड़ में नवरात्रि और दशहरा पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम, डीएम-एसपी ने किया फ्लैग मार्च

Hapur News : नवरात्र और दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए हापुड़ पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। शनिवार रात करीब साढ़े सात बजे जिलाधिकारी कविता मीना और पुलिस अधीक्षक मधुबनी सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल ने पक्का बाग से मां मंशा देवी मंदिर तक फ्लैग मार्च निकाला। इस दौरान अधिकारियों ने चंडी मंदिर और मंशा देवी मंदिर में पहुंचकर पुजारियों से वार्ता की और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

पूजा पंडालों और भीड़भाड़ वाले इलाकों की परख

फ्लैग मार्च के दौरान अधिकारियों ने पक्का बाग से बुलंदशहर रोड तक के पूजा पंडालों, मेला स्थलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों का निरीक्षण किया। सभी प्रमुख पंडालों और मेला स्थलों पर कड़े सुरक्षा इंतजाम करने के निर्देश दिए गए। प्रमुख जगहों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखने और शरारती तत्वों पर विशेष नजर रखने को कहा गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

यातायात और सोशल मीडिया पर विशेष नजर

त्योहारों के दौरान उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने जरूरत के अनुसार रूट डायवर्जन और पार्किंग की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए ताकि लोगों को जाम की समस्या का सामना न करना पड़े। एसपी मधुबनी सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है और गलत सूचना फैलाकर माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। महिला सुरक्षा के लिए सादे कपड़ों में भी पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है।

साफ सफाई और प्रकाश व्यवस्था के निर्देश

जिलाधिकारी कविता मीना ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुलिस के साथ मजिस्ट्रेट की भी ड्यूटी लगाई गई है। मंदिरों के आसपास साफ सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने और प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने आम जनता से सभी पर्व आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की।

ये भी पढ़ें : https://gbntoday.com/hapur-news-food-safety-department-raids-hapur-ahead-o/

ये भी देखें : https://www.instagram.com/reel/DeT86Tuh0oD/?mdxt=MTAybTlncmlvMjBycQ==

1 Comment

Comments are closed