Hapur News : हापुड़ में नवरात्रि पर्व से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय चंद्रशेखर मिश्र के नेतृत्व में विभाग की टीम ने नगर क्षेत्र में दूध, मावा, पनीर और खोया की दुकानों पर छापेमारी की।
राघव पनीर केंद्र पर मिला दूषित पनीर
टीम ने राघव पनीर केंद्र पर छापा मारकर पनीर का नमूना लिया। मौके पर लगभग 65 किलोग्राम पनीर दूषित अवस्था में मिला, जिसे विभाग ने तुरंत नष्ट करा दिया। नष्ट किए गए पनीर की अनुमानित कीमत 17 हजार 550 रुपये बताई जा रही है।
गुरुदेव पनीर भंडार से घी सीज
इसके बाद टीम ने श्री चंडी जी ट्रेडर्स पाटिया मंडी और गुरुदेव पनीर एवं खोया भंडार पर भी कार्रवाई की। गुरुदेव पनीर भंडार से देशी घी और खोया के नमूने लिए गए और लगभग 25 किलोग्राम घी को सीज किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 18 हजार 750 रुपये है।
सहायक आयुक्त ने दी चेतावनी
सहायक आयुक्त चंद्रशेखर मिश्र ने बताया कि नवरात्रि के दौरान खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है, ऐसे में कुछ दुकानदार मिलावटी और दूषित सामान बेचने लगते हैं। उन्होंने कहा कि जनपद में खाद्य सुरक्षा को लेकर विभाग पूरी तरह सक्रिय है और प्रतिष्ठित प्रतिष्ठानों पर लगातार जांच जारी रहेगी। नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें : https://gbntoday.com/hapur-news-e-rickshaw-carrying-a-family-to-the-ganga/
ये भी देखें : https://www.instagram.com/reel/DeT86Tuh0oD/?dlrf=MTAybTlncmlvMjBycQ==



