Hapur News : हापुड़ में मारपीट की तीन वारदातें, बाइक सवार पांच युवकों पर आरोप

Hapur News : हापुड़ में मारपीट की तीन वारदातें, बाइक सवार पांच युवकों पर आरोप

Hapur News : हापुड़ के कोतवाली नगर क्षेत्र में बुधवार देर शाम दस्तोई रोड और मोदीनगर रोड पर करीब 45 मिनट के भीतर मारपीट की तीन घटनाएं सामने आईं। दो बाइकों पर सवार पांच युवकों पर अलग-अलग जगहों पर युवकों के साथ गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप लगा है। सूचना मिलने पर पुलिस ने शिकायत के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी है।

जिला अस्पताल के पास पहली वारदात

पहली घटना शाम करीब 7 बजकर 45 मिनट पर जिला अस्पताल के पास हुई। यहां आदर्श नगर निवासी प्रियांशु और आर्यन के साथ बाइक सवार युवकों ने गाली-गलौज की और थप्पड़ मारे। पीड़ितों का कहना है कि आरोपी बिना किसी कारण झगड़ा करने लगे।

दूध लेकर जा रहे युवक से दूसरी बार मारपीट

कुछ देर बाद इन्हीं युवकों ने मोदीनगर रोड पर एक स्कूल के सामने दस्तोई निवासी कृष के साथ मारपीट कर दी। उस समय कृष दूध लेकर घर जा रहा था। कृष ने इसकी जानकारी अपने परिचित दीपांशु को दी और दोनों बाइक से दिल्ली रोड की ओर जाने लगे।

चमरी फाटक पर तीसरी बार रोका और पीटा

आरोप है कि चमरी फाटक के पास बाइक सवारों ने कृष और दीपांशु को फिर से रोक लिया और दोनों के साथ मारपीट कर फरार हो गए। लगातार हुई घटनाओं से इलाके में अफरा-तफरी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का जायजा लिया। एएसपी विनीत भटनागर और सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी भी कोतवाली पहुंचे और पीड़ितों से पूरे मामले की जानकारी ली।

पुलिस ने नशे में होने की बात कही, केस दर्ज

एएसपी विनीत भटनागर ने बताया कि बाइक सवार युवक नशे की हालत में थे और ये घटनाएं अचानक कम समय में हुईं। पुलिस ने रास्ते में रोककर पहचान पूछने वाले आरोप को गलत बताया। उनके अनुसार पहली घटना में दोनों पक्ष एक-दूसरे को पहले से जानते थे, जबकि बाद की घटनाओं में आरोपी और पीड़ित आपस में अनजान थे। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

ये भी पढ़ें : https://gbntoday.com/hapur-news-laborer-dies-of-electrocution-on-hapurs/

ये भी देखें : https://www.instagram.com/reel/DdGul7_BpD5/?stkn=Y3c1MmRjcHVyb3ho