Hapur News : हापुड़ में नगर कोतवाली क्षेत्र के बदनौली गांव में हुए गोलीकांड के मामले में शुक्रवार को दो और फरार आरोपियों ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। दोनों आरोपी दोपहर करीब 12 बजे हाथ में पोस्टर लेकर कोतवाली पहुंचे। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना के बाद से ही दोनों फरार चल रहे थे।
मारपीट के बाद फायरिंग और पथराव में तीन लोग हुए थे घायल
पुलिस के अनुसार 4 सितंबर की सुबह अंश और उसके भाई आरव के साथ मारपीट हुई थी। इसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और विवाद बढ़ने पर फायरिंग और पथराव हो गया। गोली लगने से दीपक उर्फ गोलू, बंटी उर्फ विजय और मुनेश घायल हो गए थे। पथराव के दौरान ईंट लगने से अंकित के चेहरे पर भी चोट आई थी।
इलाज के दौरान दीपक की हुई थी मौत
सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान दीपक उर्फ गोलू की मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया था।
13 नामजद समेत कई अज्ञात पर दर्ज है मुकदमा
इस मामले में 13 नामजद और 15 से 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस की कार्रवाई में अब तक पांच नामजद आरोपी गिरफ्तार होकर जेल भेजे जा चुके हैं। शुक्रवार को दो और आरोपियों के सरेंडर करने के बाद पुलिस उनकी भूमिका की जांच कर रही है।
बाकी फरार आरोपियों की तलाश में दबिश जारी
पुलिस दोनों से पूछताछ कर अन्य फरार आरोपियों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है। बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।
एएसपी ने दी जानकारी, गांव में पुलिस की निगरानी
एएसपी विनीत भटनागर ने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। शुक्रवार को दो आरोपियों ने सरेंडर किया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस निगरानी कर रही है।
ये भी पढ़ें : https://gbntoday.com/hapur-news-three-incidents-of-assault-in-hapur-five/
ये भी देखें : https://www.instagram.com/reel/DdJGn-rBNnJ/?stkn=MWE3dXB2aHZhMjM2Zw==



