Hapur News : हापुड़ के गढ़ रोड पर करंट से मजदूर की जान गई, परिवार में मचा कोहराम

Hapur News : हापुड़ के गढ़ रोड पर करंट से मजदूर की जान गई, परिवार में मचा कोहराम

Hapur News : हापुड़ के थाना देहात क्षेत्र के गढ़ रोड स्थित एक बांस बल्ली के गोदाम में गुरुवार रात बड़ा हादसा हो गया। गोदाम में काम कर रहे एक मजदूर को अचानक जोरदार करंट लग गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। साथी मजदूरों और गोदाम मालिक ने आनन-फानन में उसे गढ़ रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान रफीकनगर निवासी शौकीन के रूप में हुई

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान बुलंदशहर रोड स्थित मोहल्ला रफीकनगर निवासी शौकीन उर्फ सोनू उम्र 35 वर्ष के रूप में हुई है। वह लंबे समय से गढ़ रोड स्थित बांस बल्ली के गोदाम में मजदूरी करता था। गुरुवार शाम वह रोज की तरह गोदाम में काम कर रहा था, तभी बिजली के तार की चपेट में आ गया। चीख-पुकार सुनकर गोदाम में मौजूद अन्य लोग मौके पर पहुंचे और उसे बचाने का प्रयास किया।

मौत की खबर से अस्पताल में हंगामा

घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। शौकीन की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया और आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल में हंगामा कर दिया। सूचना पर थाना देहात पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया। बताया गया कि शौकीन अपने पीछे पत्नी रानी, बेटी मुस्कान और बेटा साहिल को छोड़ गया है, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा

इस संबंध में सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है।

ये भी पढ़ें : https://gbntoday.com/hapur-news-married-woman-tortured-over-dowry-in-hapur-accused-of-attempted-murder-by-strangulation/

ये भी देखें : https://www.instagram.com/reel/DdGPKTABKkz/?stkn=OHo4dW5tNjgwd2Q5