Hapur News : हापुड़ के देहात थाना क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी कुनाल निवासी शास्त्रीनगर गाजियाबाद को गोंदी अंडरपास से गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़िता की मां ने दर्ज कराई थी रिपोर्ट
पीड़िता की मां ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया था कि 5 नवंबर 2024 को आरोपी उनकी 15 वर्षीय बेटी को एलएन रोड से अगवा कर अपने घर ले गया था। आरोप है कि आरोपी ने नाबालिग को लंबे समय तक अपने घर में बंधक बनाकर रखा।
नशे का इंजेक्शन देकर करता रहा प्रताड़ित
रिपोर्ट के अनुसार आरोपी 5 मई 2026 तक नाबालिग के साथ मारपीट और गाली गलौज करता रहा। विरोध करने पर नशे का इंजेक्शन देकर उसके साथ दुष्कर्म किया और उसकी वीडियो भी बनाई।
छह मई को किसी तरह पहुंची घर
किसी तरह आरोपी के चंगुल से छूटकर पीड़िता 6 मई 2026 को अपने घर पहुंची। घर पहुंचने पर परिजनों ने देखा कि उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। हालत में सुधार होने पर पीड़िता ने बुधवार को परिजनों को पूरी घटना बताई, जिसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल
मामले में सीओ अनीता चौहान ने बताया कि पीड़िता की मां की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की गई थी। पुलिस टीम ने आरोपी कुनाल को गोंदी अंडरपास से गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
ये भी पढ़ें : https://gbntoday.com/hapur-news-major-reshuffle-in-hapur-police/
ये भी देखें : https://www.instagram.com/reel/Dc6YdxRBxfn/?igsi=MXdyZGw1aTA2NGE3cA==




