Hapur News : हापुड़ में पथराव और फायरिंग के बाद हापुड़ पुलिस में बड़ा फेरबदल, नगर कोतवाल लाइन हाजिर

Hapur News : हापुड़ में पथराव और फायरिंग के बाद हापुड़ पुलिस में बड़ा फेरबदल, नगर कोतवाल लाइन हाजिर

Hapur News : हापुड़ के बदनौली गांव में हुए पथराव और फायरिंग के मामले में पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने सख्त कार्रवाई की है। घटना के बाद नगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान को लाइन हाजिर कर दिया गया है। इस फेरबदल के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।

दो पक्षों के विवाद से बिगड़े हालात

दरअसल, शुक्रवार सुबह बदनौली गांव में दो पक्षों के बीच विवाद के बाद मामला बिगड़ गया था। दोनों पक्ष आमने सामने आ गए और पथराव के साथ फायरिंग हुई। इससे गांव में अफरातफरी फैल गई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया और घटना में इस्तेमाल असलहा और वाहन बरामद किया। इसके बाद जिम्मेदारी तय करते हुए कोतवाल को लाइन हाजिर किया गया।

सीओ स्तर पर हुआ बड़ा फेरबदल

सीओ स्तर पर भी बड़े बदलाव किए गए हैं। सीओ सिटी अनीता चौहान को सीओ कार्यालय भेजा गया है। सीओ कार्यालय में तैनात जितेंद्र शर्मा को सीओ क्राइम की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं सीओ क्राइम दीपक चतुर्वेदी को हापुड़ का नया सीओ सिटी बनाया गया है। नई जिम्मेदारी के साथ अब उनके सामने शहर की कानून व्यवस्था को मजबूत करने की चुनौती होगी।

कोतवाली और कपूरपुर थानों की कमान बदली

थाना प्रभारियों के कार्यक्षेत्र में भी बदलाव किया गया है। कपूरपुर थाना प्रभारी सुरेश कुमार को कोतवाली नगर का नया प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है। जबकि मीडिया सेल प्रभारी उपनिरीक्षक अशोक कुमार सिंह को कपूरपुर थाने की कमान सौंपी गई है। अधिकारियों से अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को लेकर सख्त कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है।

एसपी ने दिया सख्त संदेश

पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि जनपद में अपराध नियंत्रण और पारदर्शी पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने के लिए यह फेरबदल किया गया है। सभी अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसे लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के लिए सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।

ये भी पढ़ें : https://gbntoday.com/hapur-news-janmashtami-celebrated-with-devotion-and/

ये भी देखें : https://www.instagram.com/reel/Dc5ygr8BzKv/?igsi=OHRibXF6dTNhYzNq