Hapur News : हापुड़ नगर कोतवाली पुलिस ने अवैध पटाखों की तस्करी पर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर अवैध पटाखों से भरी पिकअप को पकड़कर आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी बिजनौर से पटाखे भरकर हापुड़ होते हुए गाजियाबाद के भोजपुर जा रहा था।
पुरानी चुंगी पर हो रही थी चेकिंग
सीओ अनीता चौहान ने बताया कि शुक्रवार रात करीब सवा आठ बजे जदीद चौकी प्रभारी रमेशचंद्र गौतम पुलिस बल के साथ बुलंदशहर रोड स्थित पुरानी चुंगी के पास चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि एक पिकअप में अवैध पटाखे लेकर एक व्यक्ति बिजनौर से हापुड़ बाईपास होते हुए शहर की ओर आ रहा है।
चितौली कट के पास घेराबंदी कर पकड़ी पिकअप
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बुलंदशहर रोड स्थित चितौली कट के पास घेराबंदी कर दी और आ रही पिकअप को रोक लिया। तलाशी लेने पर पिकअप से विभिन्न कंपनियों के करीब तीन कुंतल अवैध पटाखे बरामद हुए। पुलिस ने मौके से आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया।
आरोपी की हुई पहचान
पकड़े गए आरोपी की पहचान मोमीन निवासी मोहल्ला त्रिलोकीपुरम मदनी मस्जिद वाली गली बुलंदशहर रोड के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पटाखों को बिजनौर से लाकर भोजपुर में सप्लाई करने जा रहा था।
विस्फोटक अधिनियम में मुकदमा दर्ज
सीओ ने बताया कि चौकी प्रभारी रमेशचंद्र गौतम की तहरीर पर आरोपी मोमीन के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बरामद पटाखों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
ये भी पढ़ें : https://gbntoday.com/hapur-news-accused-arrested-for-abducting-holding/
ये भी देखें : https://www.instagram.com/reel/Dc59hztho8I/?stkn=ZXlmOXptN2U5Y2gz



