Hapur News : हापुड़ में स्कूलों को लेकर प्रशासन सख्त, बिना इजाजत वीडियो बनाने वालों पर लगेगी रोक

Hapur News : हापुड़ में स्कूलों को लेकर प्रशासन सख्त, बिना इजाजत वीडियो बनाने वालों पर लगेगी रोक

Hapur News : परिषदीय विद्यालयों में पठन पाठन को बाधित करने और बिना अनुमति वीडियो बनाने की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए बेसिक शिक्षा विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। जिले के सभी परिषदीय स्कूलों में अब किसी भी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश पर पाबंदी लगा दी गई है।

बेसिक शिक्षा अधिकारी दीपा भाटी ने सभी प्रधानाध्यापकों को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि स्कूल समय में और उसके बाद भी विद्यालय का गेट बंद रखा जाए। कोई भी व्यक्ति, यूट्यूबर या सोशल मीडिया से जुड़ा व्यक्ति बिना सक्षम अधिकारी की अनुमति के परिसर में प्रवेश नहीं कर सकेगा। फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी के लिए भी पहले से लिखित अनुमति लेना जरूरी होगा।

बीएसए ने बताया कि हाल के दिनों में कई जगह से ऐसी सूचनाएं मिली थीं कि कुछ लोग अचानक स्कूलों में पहुंचकर शिक्षकों और बच्चों के वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल रहे हैं। इससे शिक्षण कार्य प्रभावित हो रहा है और शिक्षकों की गरिमा के साथ बच्चों की निजता और सुरक्षा पर भी सवाल उठ रहे हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि विद्यालयों के निरीक्षण के लिए ब्लॉक और जनपद स्तर पर विभागीय अधिकारी पहले से नियुक्त हैं जो समय समय पर जांच करते हैं इसलिए बाहर से किसी के द्वारा स्कूल की जांच या वीडियो बनाने की आवश्यकता नहीं है। बच्चों की सुरक्षा विभाग की सबसे बड़ी प्राथमिकता है और आदेश का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।