Hapur News : रविवार को भारतीय किसान यूनियन देशहित के बैनर तले शहर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में तिरंगा और दिल में देशभक्ति लिए किसान शहर से गांवों की ओर निकले। यात्रा के दौरान ‘जय जवान जय किसान’ के नारों से पूरा माहौल देशभक्ति मय हो गया।
यात्रा की शुरुआत फ्रीगंज रोड से हुई जो किठौर रोड तक निकाली गई। इस दौरान रास्ते में भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर पहुंचकर कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। यात्रा में दर्जनों ट्रैक्टरों का काफिला शामिल रहा जिसमें बड़ी संख्या में किसान और संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।
भाकियू देशहित के राष्ट्रीय अध्यक्ष मंजीत चौधरी ने कहा कि यह यात्रा किसानों के हक की आवाज को बुलंद करने के लिए है। उन्होंने सरकार पर किसानों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान होना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसानों की मांगों को नजरअंदाज किया गया तो संगठन बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होगा।




