जेवर एयरपोर्ट: कल भरेगी पहली ऐतिहासिक उड़ान, 170 किसान करेंगे हवाई सफर; विधायक धीरेंद्र सिंह भी रहेंगे मौजूद

जेवर एयरपोर्ट: कल भरेगी पहली ऐतिहासिक उड़ान, 170 किसान करेंगे हवाई सफर; विधायक धीरेंद्र सिंह भी रहेंगे मौजूद

नोएडा/जेवर। नोएडा वासियों और खास तौर पर जेवर के किसानों के लिए 15 जून का दिन बेहद ऐतिहासिक होने वाला है। जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से कल पहली उड़ान भरी जाएगी। इस उड़ान की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसके यात्री आम जनता नहीं, बल्कि वे किसान होंगे जिनकी जमीन इस अंतरराष्ट्रीय परियोजना के लिए अधिग्रहित की गई थी।

किसानों के नाम पहली उड़ान
योजना के अनुसार, कल सुबह 8:00 बजे इंडिगो की पहली फ्लाइट 170 किसानों को लेकर लखनऊ के लिए रवाना होगी। इस खास सफर में जेवर के विधायक धीरेंद्र सिंह भी किसानों के साथ मौजूद रहेंगे। लखनऊ पहुंचने पर यह प्रतिनिधिमंडल सीधे मुख्यमंत्री आवास जाकर सीएम योगी आदित्यनाथ से मुलाकात करेगा और विकास कार्यों के लिए उनका आभार व्यक्त करेगा।

उड़ान का शेड्यूल और कमर्शियल शुरुआत
एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार, यह प्रक्रिया पहले लखनऊ से इंडिगो विमान के नोएडा पहुंचने के साथ शुरू होगी, जिसके बाद किसानों की पहली उड़ान लखनऊ के लिए उड़ान भरेगी। इसके तुरंत बाद सुबह 8:15 बजे नोएडा से बेंगलुरु के लिए दूसरी उड़ान रवाना होगी। इसके बाद बेंगलुरु से नोएडा और फिर लखनऊ से नोएडा की उड़ानें निर्धारित हैं। इन सांकेतिक उड़ानों के बाद एयरपोर्ट से नियमित कमर्शियल उड़ानें शुरू कर दी जाएंगी।

“विकसित भारत की नई तस्वीर”: विधायक धीरेंद्र सिंह
जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने इस पल को भावनात्मक और गौरवपूर्ण बताया। उन्होंने कहा, “यह क्षण केवल जेवर या गौतमबुद्ध नगर का नहीं, बल्कि पूरे भारत के लिए गर्व का विषय है। जिस भूमि पर कभी हमारे किसान भाई दिन-रात परिश्रम कर अन्न उत्पादन करते थे, आज उसी भूमि पर बने अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से वे पहली बार हवाई यात्रा कर रहे हैं। यह विकसित भारत की उस नई तस्वीर का प्रतीक है, जिसमें विकास का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुँच रहा है।”
याद दिला दें कि 28 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का भव्य उद्घाटन किया था, जिसके बाद से ही पूरे क्षेत्र में विकास की नई उम्मीदें जगी थीं।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *