नोएडा (गौतमबुद्धनगर): थाना सेक्टर-126 पुलिस ने नशे के काले कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने विदेशी मादक पदार्थ ‘ओजी’ (उच्च गुणवत्ता वाला गांजा) की सप्लाई करने वाले एक संगठित रैकेट का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 7-8 लाख रुपये कीमत की 500 ग्राम ओजी ड्रग्स बरामद की गई है।
छात्रों और पीजी को बनाते थे निशाना
पकड़े गए आरोपियों की पहचान शिवम कुंवर (गाजियाबाद) और नितिन चौहान (नोएडा) के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि यह गिरोह बेहद शातिर तरीके से काम करता था। ये लोग इलेक्ट्रॉनिक तराजू से नशीले पदार्थ को छोटे-छोटे पैकेटों में तौलकर पैक करते थे ताकि इन्हें आसानी से छिपाया जा सके। इनका मुख्य टारगेट नोएडा के शैक्षणिक संस्थानों के आसपास रहने वाले छात्र और पीजी/हॉस्टल में रहने वाले युवा थे।
पुश्ता रोड से हुई गिरफ्तारी
दिनांक 03 मई 2026 को बीट पुलिसिंग और लोकल इंटेलिजेंस से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने सेक्टर-94 पुश्ता रोड के पास घेराबंदी कर दोनों को दबोच लिया। गिरफ्तारी के वक्त अभियुक्तों के पास से नशीले पदार्थ के अलावा तस्करी में इस्तेमाल होने वाली होंडा सिटी कार (DL13CC3727), दो मोबाइल फोन, दो इलेक्ट्रॉनिक कांटे और भारी मात्रा में पैकिंग सामग्री बरामद हुई है।
बरामदगी का विवरण:
नशीला पदार्थ: 500 ग्राम विदेशी ओजी (कीमत ₹7-8 लाख)
वाहन: 01 होंडा सिटी कार
उपकरण: 02 मोबाइल, 02 इलेक्ट्रॉनिक कांटे
पैकिंग सामग्री: 20 पॉलिथीन और 16 लिफाफे
कानूनी कार्रवाई
पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के खिलाफ थाना सेक्टर-126 में मु0अं0सं0 0062/2026 धारा 8/20 NDPS ACT के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया है। पुलिस अब इनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
