Hapur News : हापुड़ में गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली पुलिस की स्याना-बहादुरगढ़ मार्ग पर गश्त और चेकिंग के दौरान विद्युत लाइन तार चोर गिरोह से मुठभेड़ हो गई। जवाबी फायरिंग में दो बदमाश घायल हो गए, जबकि पुलिस ने घायलों सहित तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया।
लगातार हो रही थीं तार चोरी की घटनाएं
क्षेत्राधिकारी गढ़मुक्तेश्वर राहुल यादव ने बताया कि क्षेत्र में लगातार विद्युत तार चोरी की घटनाएं हो रही थीं। इसी को लेकर पुलिस ऐसे गिरोहों की तलाश में थी। सोमवार रात कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह बिष्ट टीम के साथ स्याना-बहादुरगढ़ मार्ग पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक ऑटो लोडर को रुकने का इशारा किया गया तो उसमें सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। गोलीबारी में प्रभारी निरीक्षक बाल-बाल बच गए।
जवाबी फायरिंग में दो बदमाश घायल
उन्होंने बताया कि पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें दो बदमाशों के पैर में गोली लग गई और वे घायल हो गए, जबकि तीसरे बदमाश को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में बदमाशों ने अपने नाम सुरेंद्र निवासी बुलंदशहर, जयदीप निवासी मेरठ और दीपक निवासी गढ़मुक्तेश्वर बताए।
भारी मात्रा में माल बरामद
क्षेत्राधिकार ने बताया कि पकड़े गए बदमाशों के पास से करीब 6 क्विंटल विद्युत तार, एक ऑटो लोडर, अवैध असलहा, जिंदा व खोखा कारतूस और तार चोरी करने के उपकरण बरामद हुए हैं। पूछताछ में उन्होंने गढ़मुक्तेश्वर, बहादुरगढ़ और बाबूगढ़ क्षेत्र में तार चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया है। इन मामलों में एंटी पावर थेफ्ट थाने में अलग-अलग मुकदमे दर्ज हैं।
शातिर अपराधी हैं गिरफ्तार बदमाश
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार बदमाश शातिर किस्म के अपराधी हैं। उनके खिलाफ बुलंदशहर, गाजियाबाद और हापुड़ जनपदों में विद्युत लाइन तार चोरी, गैंगस्टर और आर्म्स एक्ट सहित करीब पांच दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।
ये भी पढ़ें : https://gbntoday.com/hapur-news-textile-merchants-car-stolen-in-hapur/
ये भी देखें : https://www.instagram.com/reel/DdR2wf0BiS0/?stkn=cjZ2NXlkeGc1eW9r



