Hapur News : हापुड़ के हाफिजपुर थाना क्षेत्र में खेतों के बीच चल रही एक फैक्ट्री में सरकारी अनुदानित यूरिया के अवैध इस्तेमाल का मामला सामने आया है। आरोप है कि सब्सिडी वाले यूरिया को पीसकर पशु आहार में मिलाया जा रहा था। सूचना के बाद मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
कृषि विभाग की छापेमारी में खुला खेल
शुक्रवार दोपहर जिला कृषि अधिकारी गौरव कुमार की टीम ने बुलंदशहर रोड बाइपास के पास चल रही फैक्ट्री पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान मौके से 184 कट्टे सरकारी यूरिया बरामद किए गए। जांच में सामने आया कि यूरिया को मशीनों से पीसकर मुर्गी दाने में मिलाया जा रहा था। मौके पर तीन युवकों को यूरिया पीसते हुए पकड़ा गया।
संचालक की पहचान और आगे की कार्रवाई
बताया जा रहा है कि फैक्ट्री का संचालन कामिल नाम का व्यक्ति कर रहा था। कृषि विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि अनुदानित यूरिया कहां से खरीदा गया और फैक्ट्री तक कैसे पहुंचा। जिला कृषि अधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि यूरिया के दो नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। प्रथम दृष्टया यह मामला पशु आहार में यूरिया के उपयोग का है। बरामद सभी कट्टे सरकारी अनुदानित हैं। फैक्ट्री को सीज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और थाने में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें : https://gbntoday.com/hapur-news-tributes-paid-to-gandhi-and-shastri-on-the/
ये भी देखें : https://www.instagram.com/reel/Dd_qnOjhLbQ/?stkn=ajBldHhocXJ4enJ5



