Hapur News : हापुड़ में गांधी और शास्त्री जयंती पर श्रद्धांजलि, जिलेभर में चला स्वच्छता अभियान

Hapur News : हापुड़ में गांधी और शास्त्री जयंती पर श्रद्धांजलि, जिलेभर में चला स्वच्छता अभियान

Hapur News : हापुड़ में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती शुक्रवार को जिलेभर में श्रद्धा के साथ मनाई गई। कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी कविता मीना, अपर जिलाधिकारी समेत अधिकारियों और कर्मचारियों ने दोनों महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी।

विद्यालयों और कार्यालयों में स्वच्छता अभियान

नगर पालिका, सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों और ग्राम पंचायतों में भी स्वच्छता अभियान चलाया गया। कलेक्ट्रेट सभागार में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की छात्राओं ने गांधी जी का प्रिय भजन वैष्णव जन तो सामूहिक रूप से प्रस्तुत किया। जिलाधिकारी ने छात्राओं और अध्यापिकाओं को पुरस्कार और मिठाई वितरित की।

डीएम ने बताए गांधी और शास्त्री के विचारों की प्रासंगिकता

डीएम कविता मीना ने कहा कि गांधी जी ने देश को सत्य, अहिंसा और स्वच्छता का मार्ग दिखाया। उनके विचारों से सभी को अपने जीवन में प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन को गांधी जी के स्वच्छता संबंधी सपनों को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को याद करते हुए उन्होंने कहा कि उनका जय जवान, जय किसान का नारा वर्तमान समय में भी प्रासंगिक है।

नगर पालिका में सफाई कर्मियों को दिलाई शपथ

नगर पालिका परिषद हापुड़ के सभागार में अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी ने सफाई कर्मियों को स्वच्छता के प्रति शपथ दिलाई। महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण के बाद जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया। जिलेभर में स्वच्छता ही सेवा श्रमदान कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दी श्रद्धांजलि

जिला और शहर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने नगर पालिका परिसर स्थित गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। जिलाध्यक्ष राकेश त्यागी ने कहा कि गांधी जी के आदर्श और सिद्धांत आज भी प्रासंगिक हैं। इसके बाद कांग्रेसियों ने रेलवे रोड स्थित लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि दी।

शास्त्री जी की सादगी को किया याद

शहर अध्यक्ष इरफान अहमद ने शास्त्री जी की सादगी और जय जवान, जय किसान के संदेश को याद किया। कांग्रेसियों ने स्वतंत्रता सेनानी और पूर्व सांसद मसूरिया दीन पासी को भी श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में पूर्व विधायक गजराज सिंह, सैय्यद अयाजुद्दीन, नवरत्न त्यागी, दिनेश चंद शर्मा समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें : https://gbntoday.com/hapur-news-pilgrim-carrying-traveller-van-overturns-i/

ये भी देखें : https://www.instagram.com/reel/Dd_JqrkBkbG/?stkn=NWN4N3hzYmVvbWNh