Hapur News : हापुड़ में दहेज की खातिर विवाहिता पर अत्याचार, गला घोंटकर हत्या की कोशिश का आरोप

Hapur News : हापुड़ में दहेज की खातिर विवाहिता पर अत्याचार, गला घोंटकर हत्या की कोशिश का आरोप

Hapur News : हापुड़ के थाना हाफिजपुर क्षेत्र के गांव घुंघराला की रहने वाली एक विवाहिता ने अपने पति समेत ससुराल के सात लोगों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या का प्रयास करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

16 लाख खर्च के बाद भी कार और 10 लाख की मांग

पीड़िता कोमल ने बताया कि उसकी शादी 12 नवंबर 2024 को गांव के ही किरनपाल के साथ हुई थी। शादी में उसके मायके वालों ने करीब 16 लाख रुपये खर्च किए थे। आरोप है कि शादी के कुछ दिन बाद से ही पति किरनपाल, सास अमरेश, ससुर धर्मपाल, तीन ननद सीमा, दीपा, पिंकी और ननदोई संजीव दहेज में कार और 10 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग को लेकर उसे परेशान करने लगे। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी और कई बार भूखा प्यासा रखा जाता था।

बेटी के जन्म के बाद बढ़ा उत्पीड़न

कोमल ने बताया कि 5 अगस्त 2025 को उसने एक बेटी को जन्म दिया, जिसके बाद ससुराल वालों का उत्पीड़न और बढ़ गया। आरोप है कि 18 जून 2026 को दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुराल पक्ष ने दुपट्टे से उसका गला घोंटकर हत्या करने की कोशिश की और जान से मारने की नीयत से सिर पर डंडे से वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

पड़ोसी की सूचना पर मायके वाले पहुंचे

घटना की जानकारी पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति ने उसके मायके वालों को दी। सूचना मिलते ही मायके वाले मौके पर पहुंचे और घायल विवाहिता को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया।

सीओ ने कहा जांच के बाद होगी कार्रवाई

इस मामले में सीओ मुनीश चंद्र ने बताया कि क्षेत्राधिकारी के आदेश पर पीड़िता की तहरीर के आधार पर पति समेत सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच में दोषी पाए जाने पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें : https://gbntoday.com/hapur-news-man-convicted-of-raping-a-6-year-old-girl/

ये भी देखें : https://www.instagram.com/reel/DdHPlaShs9N/?stkn=MXByc3c4b3FhanJwcg==