Hapur News : हापुड़ नगर कोतवाली पुलिस ने अंतरजनपदीय पशु चोर गिरोह का खुलासा करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की पांच भैंस और दो भैंस के बच्चे बरामद किए हैं। इसके साथ ही आरोपियों के पास से अवैध हथियार और घटना में इस्तेमाल किए गए दो वाहन भी बरामद हुए हैं।
गाजियाबाद और हापुड़ के रहने वाले हैं आरोपी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अरमान उर्फ सलमान उर्फ भैंसा निवासी कलछीना थाना भोजपुर गाजियाबाद, मनीष उर्फ चिंटू और दीपक निवासी रझेड़ा थाना सिंभावली हापुड़, सागर निवासी मुकीमपुर थाना भोजपुर गाजियाबाद, मोहसीन और यामीन निवासी ढबारसी तथा रहीश निवासी नाहल थाना मसूरी गाजियाबाद के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि अरमान इस गिरोह का सरगना है।
दिन में रेकी, रात में चोरी करते थे आरोपी
एएसपी महेश कुमार के मुताबिक गिरोह के सदस्य दिन में पशुपालकों के ठिकानों की रेकी करते थे और रात में मौका पाकर पशुओं को चुरा लेते थे। इसके बाद चोरी के पशुओं को पैंठ में बेचकर पैसे कमाते थे। गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी शातिर बदमाश हैं। इनके खिलाफ हापुड़ और बुलंदशहर जिलों में चोरी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत करीब छह दर्जन मामले दर्ज हैं। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य आपराधिक मामलों की जानकारी भी जुटा रही है।
ये भी पढ़ें : https://gbntoday.com/hapur-news-women-get-into-a-physical-altercation-over/
ये भी देखें : https://www.instagram.com/reel/De6qot3hGf9/?obrf=aWxxbG04NHI4N2Vp





Pingback: Hapur News : हापुड़ में आज से शुरू हुई पीईटी परीक्षा, 35 हजार अभ्यर्थी होंगे शामिल - GBN Today