Hapur News : हापुड़ में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व पूरे जिले में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। मंदिरों को रंग बिरंगी रोशनी, फूलों और गुब्बारों से आकर्षक तरीके से सजाया गया था। शाम होते ही मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ने लगी। कई मंदिरों में राधा कृष्ण की मनमोहक झांकियां सजाई गईं तो कहीं बाल गोपाल के स्वरूप को सुंदर वस्त्रों से सजाया गया।
भजन कीर्तन से भक्तिमय हुआ शहर
भजन कीर्तन और संकीर्तन से पूरा शहर भक्तिमय नजर आया। शहर के लक्ष्मी नारायण मंदिर, आद्यशक्ति चंडी मंदिर, हनुमान मंदिर, मनसा देवी मंदिर, पुराना शिव मंदिर, हरमिलाप मंदिर, बाबा बख्तावर नाथ मंदिर और राधा कृष्ण मंदिर समेत सभी प्रमुख मंदिरों में विशेष आयोजन किए गए।
जयकारों और नृत्य के साथ मनाया जन्मोत्सव
भक्तों ने नंद के आनंद भयो जय कन्हैया लाल की और हाथी घोड़ा पालकी जय कन्हैया लाल की के जयकारों के साथ उत्सव मनाया। राधा कृष्ण के भजनों पर भक्तों ने जमकर नृत्य किया। सखियों ने बधाई गीत गाकर कान्हा के जन्म की खुशी मनाई। रात 12 बजे जैसे ही भगवान श्रीकृष्ण का जन्म हुआ, मंदिर जयकारों से गूंज उठे।
पंचामृत स्नान और माखन मिश्री का भोग
दिनभर व्रत रखने वाले भक्तों ने महाआरती में भाग लिया। भगवान को पंचामृत से स्नान कराकर सुंदर पोशाक पहनाई गई और माखन मिश्री का भोग लगाया गया। इसके बाद भक्तों ने अपना व्रत खोला। सभी मंदिरों में चरणामृत, मिश्री और मखाने का प्रसाद वितरित किया गया। पंचायती गौशाला में भी बाल गोपाल की पूजा और संकीर्तन का आयोजन हुआ।
घरों में भी गूंजे कान्हा के जयकारे
घरों में भी लड्डू गोपाल का जन्मोत्सव बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। लोगों ने अपने घरों में फूलों और लाइटों से दरबार सजाया और कान्हा को सुंदर पोशाक पहनाई। आधी रात को आरती और पंचामृत स्नान के बाद जयकारों से घर गूंज उठे।
रेलवे रोड पर लगा मेला, बच्चों में दिखा उत्साह
हर साल की तरह इस बार भी रेलवे रोड पर मेले का आयोजन हुआ। बच्चों ने झूलों का आनंद लिया और लोगों ने विभिन्न व्यंजनों का लुत्फ उठाया। महिलाओं ने अपने बच्चों को बाल गोपाल और राधा के रूप में सजाया। दिनभर बच्चे मुकुट, बांसुरी और पीले लाल वस्त्रों में नजर आए। लोगों ने बच्चों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कर जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं।



