Hapur News : हापुड़ में खरीफ सीजन को देखते हुए कृषि विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है। किसानों को अच्छी गुणवत्ता की खाद और कीटनाशक मिले, इसके लिए जिलाधिकारी के निर्देश पर विभागीय टीम ने गुरुवार दोपहर औचक निरीक्षण अभियान चलाया। जिला कृषि अधिकारी गौरव कुमार के नेतृत्व में टीम ने असौड़ा पैठ और दोयमी रोड पर खाद और पेस्टिसाइड की दुकानों पर छापा मारा।
दो दुकानों से 18 नमूने जांच को भेजे गए
निरीक्षण के दौरान टीम ने दोनों दुकानों से खाद और कीटनाशकों के कुल 18 नमूने लिए। अधिकारियों ने बताया कि इन सभी नमूनों को गुणवत्ता जांच के लिए सरकारी प्रयोगशाला में भेजा गया है। लैब से रिपोर्ट आने के बाद ही उत्पादों की गुणवत्ता स्पष्ट होगी और उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
नियमों के उल्लंघन पर दुकानदारों को नोटिस
जांच के दौरान दोनों दुकानों पर नियमों की अनदेखी भी सामने आई। प्रथम दृष्टया खाद नियंत्रण आदेश 1985 और कीटनाशक अधिनियम 1968 के प्रावधानों का उल्लंघन पाया गया। इस पर कृषि विभाग ने दोनों दुकान संचालकों को नोटिस जारी कर दिया है। नोटिस का जवाब मिलने और जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जिला कृषि अधिकारी ने दी चेतावनी
जिला कृषि अधिकारी गौरव कुमार ने कहा कि खरीफ सीजन में किसानों को मानक के अनुरूप खाद और दवाएं उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। नियमों का उल्लंघन करने वाले विक्रेताओं के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। साथ ही किसानों से अपील की गई है कि खाद या कीटनाशक को लेकर किसी भी तरह की समस्या होने पर वे सीधे कृषि विभाग को शिकायत करें।
ये भी पढ़ें : https://gbntoday.com/hapur-news-clash-breaks-out-in-the-middle-of-the-road/
ये भी देखें : https://www.instagram.com/reel/DdHIrFnhU9L/?stkn=OXIyOTM4dXd2MWJ6



