Hapur News : हापुड़ के बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के गांव लुखराड़ा के जंगल में शनिवार रात चोरों ने किसानों की ट्यूबवेलों को निशाना बनाया। चोर एक ही रात में करीब 12 ट्यूबवेलों से मोटर, स्टार्टर, बिजली के तार, केबल और पंखे समेत अन्य सामान चोरी कर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि जंगल में स्थित एक मंदिर का घंटा भी चोरी हुआ है। एक साथ इतनी ट्यूबवेलों में चोरी होने से किसानों में भारी नाराजगी है।
सुबह खेत पर पहुंचे तो उड़े होश, ग्रामीणों ने जताया रोष
रविवार सुबह करीब नौ बजे जब किसान अपने खेतों पर पहुंचे तो ट्यूबवेलों से सामान गायब मिला। इसके बाद उन्होंने अन्य किसानों को सूचना दी जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। पीड़ित किसानों में राजू, विजयपाल, अनिल कुमार, दीपक चौधरी और सुधीर समेत अन्य किसान शामिल हैं। किसानों का कहना है कि ट्यूबवेलों से कीमती उपकरण चोरी होने से उन्हें हजारों रुपये का नुकसान हुआ है।
सिंचाई संकट गहराया, किसानों ने पुलिस से लगाई गुहार
ग्रामीणों ने बताया कि चोर ट्यूबवेलों के अंदर लगे मोटर और स्टार्टर के साथ बिजली के तार और केबल तक उखाड़ ले गए। कुछ स्थानों से पंखे भी चोरी हुए हैं। किसानों का कहना है कि उपकरण चोरी होने से फसलों की सिंचाई व्यवस्था पूरी तरह ठप हो जाएगी और दोबारा सामान लगवाने में भारी खर्च उठाना पड़ेगा। इस घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। किसानों ने पुलिस को तहरीर देकर जल्द कार्रवाई की मांग की है।
जांच में जुटी पुलिस, जल्द खुलासे का दावा
इस संबंध में थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि किसानों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। घटनास्थल का निरीक्षण किया जा रहा है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा और क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाई जाएगी।
ये भी पढ़ें : https://gbntoday.com/hapur-news-body-of-45-year-old-man-found-in-sugarcane/
ये भी देखें : https://www.instagram.com/reel/DdgTp9VBYLq/?stkn=MXJlc3lqdWhxY2kzcg==



