Hapur News : हापुड़ के बाबूगढ़ थाना क्षेत्र में ग्रामीण चिकित्सक कुंवरपाल सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने आठ नामजद लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। मृतक के बेटे ने आरोप लगाया है कि एक मरीज की मौत के बाद आरोपी परिवार पर गलत इलाज का आरोप लगाकर लगातार पैसों की मांग कर रहे थे और धमका रहे थे।
खेत से मिला था शव, पास में मिले सुसाइड नोट और जहर के पैकेट
परिजनों के मुताबिक कुंवरपाल सिंह 19 सितंबर की सुबह करीब आठ बजे बाइक से घर से निकले थे। शाम तक वापस न लौटने पर परिवार ने तलाश शुरू की लेकिन उनका मोबाइल बंद मिला। 20 सितंबर की सुबह परिजन खेत पर पहुंचे तो ईख के खेत के बाहर उनकी बाइक और हेलमेट पड़ा मिला। अंदर जाकर देखा तो वह मृत अवस्था में पड़े थे। मौके से मोबाइल, एक सुसाइड नोट और सल्फास के खाली पैकेट भी बरामद हुए।
मरीज की मौत के बाद से बनाया जा रहा था दबाव, सीएमओ से भी की थी शिकायत
परिवार का कहना है कि 7 जुलाई को गांव के जयवीर नामक व्यक्ति की तबीयत खराब होने पर परिजन उसे कुंवरपाल सिंह के पास इलाज के लिए लाए थे। इलाज के दौरान या उसके बाद जयवीर की मौत हो गई। इसके बाद उसके परिजनों ने चिकित्सक पर गलत दवा देने का आरोप लगाना शुरू कर दिया। आरोप है कि तभी से सिपाही रूपचंद्र, भूपेंद्र, वीरसिंह, आकाश, विकास और मेरठ के नरहेड़ा गांव के रहने वाले रिश्तेदार शशि, प्रमोद और विनोद लगातार बड़ी रकम की मांग कर रहे थे। आर्थिक स्थिति ठीक न होने के बावजूद आरोपियों ने दबाव बनाए रखा और सीएमओ कार्यालय सहित ऑनलाइन पोर्टल पर भी शिकायतें दर्ज कराईं। परिवार का आरोप है कि लगातार मानसिक प्रताड़ना और धमकियों से तंग आकर कुंवरपाल सिंह ने जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी।
पुलिस ने शुरू की जांच, सुसाइड नोट की होगी जांच
बाबूगढ़ थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि मृतक के बेटे की तहरीर के आधार पर आठ नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने मौके से मिला सुसाइड नोट कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों की तलाश की जा रही है और सुसाइड नोट व जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें : https://gbntoday.com/hapur-news-12-tubewells-burgled-in-a-single-night-in/
ये भी देखें : https://www.instagram.com/reel/DdiwvwNhFlr/?stkn=N2dyYm9icnpra2Iw




