Hapur News : हापुड़ में गढ़मुक्तेश्वर गंगा घाट पर आयोजित होने वाले कार्तिक पूर्णिमा मेला 2026 के लिए भूमि पूजन और गंगा आरती की गई। जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा नागर, गढ़मुक्तेश्वर विधायक हरेंद्र तेवतिया, जिलाधिकारी कविता मीना, मुख्य विकास अधिकारी श्रुति शर्मा, अपर जिलाधिकारी संदीप कुमार और अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत शिशुपाल सिंह ने मेले के सफल आयोजन के लिए भूमि पूजन किया। इसके बाद गंगा घाट पर मौजूद अधिकारियों के साथ मेले को सौहार्दपूर्ण और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर विचार विमर्श किया गया।
श्रद्धालुओं को न हो कोई असुविधा, अधिकारियों को निर्देश
बैठक में मंडलायुक्त मेरठ भानु चंद्र गोस्वामी, डीआईजी मेरठ जोन कला निधि नैथानी, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने मेले की तैयारियों की समीक्षा की। जिलाधिकारी ने मेले से जुड़े सभी नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले में आने वाले सभी श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए समय से सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों से उनकी कार्य प्रणाली को लेकर विस्तार से चर्चा की। जिला पंचायत राज अधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद और ठेकेदारों को विशेष निर्देश दिए कि इस बार मेले में स्वच्छता को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। यातायात निरीक्षक को निर्देश दिए कि मेले के सभी रूटों का समय से भ्रमण कर लिया जाए, जिससे आपात स्थिति होने पर समय रहते नियंत्रण किया जा सके। जिलाधिकारी ने पुलिस अधिकारियों और मजिस्ट्रेट को आपस में समन्वय बनाकर भैंसा दौड़ करने वालों पर विशेष नजर रखते हुए उसे प्रतिबंधित कराना सुनिश्चित करने को कहा।
सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर रहा जोर
इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक ने समस्त पुलिस क्षेत्राधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्तिक पूर्णिमा मेले के आगमन से पूर्व सभी अधिकारी मेले का भ्रमण कर मेले की जानकारी प्राप्त कर लें। जहां भी किसी प्रकार की समस्या आ रही है, उसे समय रहते पूरा कर लिया जाए, जिससे मेले के दौरान अव्यवस्था न होने पाए। उन्होंने मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को स्नान के दौरान किसी प्रकार की समस्या न हो, इसके लिए घाटों के किनारे समय से बैरिकेडिंग करना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मेले में इस बार वॉच टावर की ऊंचाई अधिक रखने तथा प्रकाश व्यवस्था बेहतर करने के भी निर्देश दिए गए।
धैर्य और श्रद्धा भाव से संपन्न कराएं मेला
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि यह मेला पौराणिक तथा धार्मिक है। इसे धैर्यपूर्ण एवं श्रद्धा भावना के साथ सकुशल संपन्न करने में सहयोग करें। मेले में किसी भी प्रकार की समस्या होने पर समय से अपने उच्च अधिकारियों को अवगत कराया जाए। भूमि पूजन के दौरान उप जिलाधिकारी गढ़मुक्तेश्वर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी गढ़मुक्तेश्वर, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत शिशुपाल सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता सहित मेले से संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें : https://gbntoday.com/hapur-news-major-breakthrough-for-police-in-babugarh/
ये भी देखें : https://www.instagram.com/reel/DfUvsMXhEdv/?mdxt=dG9ld2dxZHlrNGF5



