ग्रेटर नोएडा में क्रिकेट का महाकुंभ: पहली बार होगी ‘बिग क्रिकेट लीग’ की मेजबानी, क्रिस गेल और शिखर धवन जैसे दिग्गज दिखाएंगे जलवा

ग्रेटर नोएडा में क्रिकेट का महाकुंभ: पहली बार होगी ‘बिग क्रिकेट लीग’ की मेजबानी, क्रिस गेल और शिखर धवन जैसे दिग्गज दिखाएंगे जलवा

ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा खेल प्रेमियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। शहर पहली बार प्रतिष्ठित ‘बिग क्रिकेट लीग’ (BCL) के सीजन-2 की मेजबानी करने जा रहा है। 3 जून से 13 जून तक चलने वाले इस रोमांचक टूर्नामेंट में क्रिकेट जगत के कई बड़े सितारे ग्रेटर नोएडा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के क्रिकेट ग्राउंड में चौके-छक्कों की बारिश करते नजर आएंगे।

दिग्गज खिलाड़ियों से सजेगा मैदान
इस लीग में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट के कई नामी खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। आयोजन में शिखर धवन, हरभजन सिंह, क्रिस गेल, रॉस टेलर, थिसारा परेरा और तिलकरत्ने दिलशान जैसे दिग्गज खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। टूर्नामेंट में कुल 18 मुकाबले खेले जाएंगे, जो टी-20 फॉर्मेट में होंगे।

प्रशंसकों के लिए मुफ्त प्रवेश और पार्किंग
इस आयोजन को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह है। आयोजकों ने घोषणा की है कि स्टेडियम में मैचों को देखने के लिए प्रवेश पूरी तरह से निशुल्क होगा। इसके अलावा दर्शकों की सुविधा के लिए स्टेडियम के पास पार्किंग की भी मुकम्बल व्यवस्था की गई है।

प्राधिकरण की तैयारी और सहयोग
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने इस आयोजन को सफल बनाने के लिए कमर कस ली है। सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर एसीईओ प्रेरणा सिंह ने सभी विभागों को तैयारियां समय से पूरा करने के कड़े निर्देश दिए हैं। प्राधिकरण इस आयोजन में एक सहयोगी की भूमिका निभा रहा है ताकि खिलाड़ियों और दर्शकों को विश्वस्तरीय सुविधाएं मिल सकें।

60 युवा क्रिकेटरों को मिलेगा दिग्गजों के साथ खेलने का मौका
बिग क्रिकेट लीग के मुख्य संरक्षक पुनीत सिंह ने बताया कि ईज माई ट्रिप (EaseMyTrip) के सहयोग से आयोजित इस टूर्नामेंट में 6 फ्रेंचाइजी टीमें हिस्सा लेंगी। इस लीग की सबसे खास बात यह है कि देशभर से चुने गए 60 शौकिया क्रिकेटरों को दिग्गज खिलाड़ियों और पूर्व आईपीएल खिलाड़ियों के साथ एक ही मैदान पर खेलने का मौका मिलेगा।

प्रसारण और वैश्विक कवरेज
इस 11 दिवसीय रोमांचक टूर्नामेंट का भारत में सीधा प्रसारण यूरो स्पोर्ट्स (Euro Sports) चैनल पर किया जाएगा, जबकि डिजिटल स्ट्रीमिंग फैनकोड (FanCode) ऐप पर उपलब्ध होगी। लीग से जुड़े नेटवर्क के माध्यम से इसे 25 से अधिक देशों में लाइव प्रसारित किया जाएगा, जिससे ग्रेटर नोएडा का नाम अंतरराष्ट्रीय पटल पर और चमकेगा।
लीग कमिश्नर दिलीप वेंगसरकर ने कहा कि बीसीएल का उद्देश्य एक ऐसा मंच तैयार करना है, जहां युवा खिलाड़ियों को महान दिग्गजों के साथ खेलने और अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल सके।
रिपोर्ट: खेल डेस्क, जीबीएन टुडे (GBN Today)

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *