Hapur News : हापुड़ के सिंभावली थाना क्षेत्र में देर रात एक सड़क हादसा हो गया। ब्रजघाट गंगा स्नान के लिए जा रहे एक परिवार के ई-रिक्शा को पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ई-रिक्शा सड़क पर पलट गया जिसमें सवार छह लोग घायल हो गए।
पीआरवी से मिली हादसे की सूचना
पुलिस के अनुसार रात पीआरवी के जरिए हादसे की सूचना मिली थी। यह हादसा सिंभावली क्षेत्र के फरीदपुर फाटक से गढ़मुक्तेश्वर की ओर जाने वाले पुराने हाईवे पर करीब 200 मीटर आगे हुआ। सूचना मिलते ही सिंभावली थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई।
आदर्श नगर कॉलोनी के रहने वाले हैं सभी घायल
जांच में सामने आया कि हापुड़ नगर कोतवाली क्षेत्र की आदर्श नगर कॉलोनी निवासी संदीप, उनकी पत्नी पिंकी, संदीप के भाई अमित, अमित की पत्नी निशा, आदेश और सावित्री ई-रिक्शा से ब्रजघाट गंगा स्नान के लिए जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से टक्कर लगने से ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया।
पांच की हालत गंभीर, मेरठ रेफर
पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। इनमें से पांच लोगों की हालत गंभीर होने पर उन्हें मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। सिंभावली थाना प्रभारी अरविंद चौधरी ने बताया कि टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है और तहरीर मिलने पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें : https://gbntoday.com/hapur-news-horrific-road-accident-in-hapur-husband-and-wife-killed-after-being-hit-by-a-tractor/
ये भी देखें : https://www.instagram.com/p/DeQ7-PzhHD6/?xtok=MXVwaGM4emxraW53dg==





Pingback: Hapur News : नवरात्रि से पहले हापुड़ में खाद्य सुरक्षा विभाग का छापा, 65 किलो दूषित पनीर नष्ट, 25 किलो घी सीज -