Hapur News : हापुड़ में कपड़े से भरे कैंटर की लूट करने वाले गिरोह के साथ पुलिस की मुठभेड़ हो गई। जनपदीय स्वाट टीम और गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली पुलिस बागड़पुर तिराहे पर चेकिंग कर रही थी। इस दौरान एक कैंटर को रुकने का इशारा किया गया तो चालक कैंटर को लेकर पलवाड़ा रोड की तरफ भगाने लगा। सूचना पर बलवापुर कट पर चेकिंग कर रही टीम ने घेराबंदी की तो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गया जबकि चार अन्य बदमाशों को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया।
बृजघाट रोड पर दिया था वारदात को अंजाम
क्षेत्राधिकारी राहुल यादव ने बताया कि पूछताछ में बदमाशों ने बताया कि 27 और 28 सितंबर की रात गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र के बलवापुर बृजघाट रोड पर उन्होंने कैंटर को रोका था। चालक और हेल्पर को कार में बंधक बनाकर अमरोहा क्षेत्र में छोड़ दिया और जैकेट बनाने वाला कपड़ा भरा कैंटर लूट लिया था।
55 लाख का माल और हथियार बरामद
सीओ ने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों के कब्जे से लूटा गया कैंटर शत प्रतिशत माल समेत बरामद हुआ है। लूटे गए माल की कीमत करीब 55 लाख रुपये है। इसके अलावा अवैध असलहा, जिंदा और खोखा कारतूस तथा एक अवैध चाकू भी बरामद किया गया है।
गिरफ्तार बदमाशों पर पहले से कई केस दर्ज
राहुल यादव ने बताया कि गिरफ्तार जावेद, अजीम, फरदिन, अमन और सुब्हान है। सीओ ने बताया कि जावेद, अजीम, शातिर किस्म के अपराधी हैं। इनके खिलाफ दिल्ली, मुरादाबाद, संभल और हापुड़ में हत्या, चोरी और आर्म्स एक्ट के करीब आधा दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराकर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
ये भी पढ़ें : https://gbntoday.com/hapur-news-15-year-old-girl-abducted-while-returning/
ये भी देखें : https://www.instagram.com/reel/Dd_M9WbhPor/?stkn=MXU5eDU4MjAzcmlveg==



