Hapur News : हापुड़ में ट्रांसफार्मर चोर गैंग का भंडाफोड़, कॉपर कॉइल समेत तीन शातिर गिरफ्तार

Hapur News : हापुड़ में ट्रांसफार्मर चोर गैंग का भंडाफोड़, कॉपर कॉइल समेत तीन शातिर गिरफ्तार

Hapur News : हापुड़ जिले की गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली पुलिस ने विद्युत ट्रांसफार्मर से उपकरण चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में गिरोह के तीन सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से चोरी की गई छह ट्रांसफार्मर की कॉपर कॉइल, एक अवैध तमंचा, घटना में प्रयुक्त चोरी की मोटरसाइकिल और ट्रांसफार्मर खोलने के औजार बरामद किए गए हैं।

सीओ ने किया खुलासा

इस पूरे मामले की जानकारी देते हुए गढ़मुक्तेश्वर सर्किल के सीओ राहुल यादव ने बताया कि पिछले कुछ समय से क्षेत्र में ट्रांसफार्मर से कॉपर कॉइल चोरी होने की घटनाएं लगातार बढ़ रही थीं। ग्रामीण क्षेत्रों में लगे ट्रांसफार्मरों को चोर निशाना बना रहे थे। इसको लेकर पुलिस टीम लगातार चोरों की तलाश में जुटी हुई थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने चेकिंग के दौरान तीनों आरोपियों को दबोच लिया।

आरोपियों ने कई जिलों में वारदात कबूली

पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने अपना नाम रमन पुत्र विनोद, तुषार पुत्र मैमपाल और राहुल पुत्र सूरज बताया। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र के जंगल ग्राम बलवापुर रतनगढ़, खिलवाई और शाहपुर चौधरी में लगे ट्रांसफार्मरों से चोरी की है। इतना ही नहीं उन्होंने गौतमबुद्धनगर और मेरठ जनपद में भी कई जगह ट्रांसफार्मर चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है। आरोपी रात के समय सुनसान जगहों पर लगे ट्रांसफार्मरों को निशाना बनाते थे और उसके अंदर से कीमती कॉपर कॉइल निकालकर बेच देते थे।

आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज

सीओ राहुल यादव ने बताया कि गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों पर अलग-अलग जनपदों में एक दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। ये शातिर किस्म के अपराधी हैं। पुलिस ने बरामद सामान के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश करने की तैयारी शुरू कर दी है। साथ ही इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी की जा रही है।

ये भी पढ़ें : https://gbntoday.com/hapur-news-uttar-pradesh-deputy-cm-keshav-prasad-maur/

ये भी देखें : https://www.instagram.com/reel/DdYli_UhEbE/?stkn=MTVqYnR1NWlkZXB6OQ==