Hapur News : हापुड़ में पुलिस चौकी पर खड़ी बस से 500 लीटर डीजल और 80 हजार का सामान चोरी

Hapur News : हापुड़ में पुलिस चौकी पर खड़ी बस से 500 लीटर डीजल और 80 हजार का सामान चोरी

Hapur News : हापुड़ की ट्रांसपोर्ट नगर चौकी पर खड़ी एक टूरिस्ट बस से करीब 500 लीटर डीजल, दो बैटरी और टूल बॉक्स का सामान चोरी होने का मामला सामने आया है। चोरी गए सामान की कीमत करीब 80 हजार रुपये बताई जा रही है। बस चालक ने बुधवार को कोतवाली नगर पुलिस को शिकायत देकर जांच और बरामदगी की मांग की है।

एआरटीओ ने पकड़कर चौकी में खड़ी कराई थी बस

मेरठ के किठौर थाना क्षेत्र के राधना गांव निवासी फकरुद्दीन ने बताया कि वह टूरिस्ट बस चलाता है जो उत्तर प्रदेश से राजस्थान के बीच संचालित होती है। 8 सितंबर की सुबह करीब साढ़े पांच बजे परिवहन विभाग के एआरटीओ ने अभियान के दौरान बस को पकड़ा था और ट्रांसपोर्ट नगर चौकी प्रभारी को सौंपकर चौकी परिसर में खड़ा करा दिया था।

जांच के समय सब कुछ था सुरक्षित

चालक के अनुसार गाजियाबाद के यातायात निरीक्षक ने जब बस की जांच की थी तो उस समय बस में सभी सामान सुरक्षित था। बाद में जब बस रिलीज हुई और वह उसे लेने पहुंचा तो उसमें लगी दो नई बैटरी, करीब 500 लीटर डीजल और टूल बॉक्स में रखा जैक, पाना और अन्य सामान गायब मिला।

डायल 112 पर दी सूचना, सुरक्षा पर उठाए सवाल

सामान गायब मिलने पर फकरुद्दीन ने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी। उसने शिकायत में कहा कि जब बस चौकी परिसर में खड़ी थी तो उसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी पुलिस की थी। उसने मामले की निष्पक्ष जांच कर चोरी गया सामान बरामद करने और आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस कर रही जांच

इस मामले में नगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और बस से सामान गायब होने की परिस्थितियों की पड़ताल की जा रही है।

ये भी देखें : https://gbntoday.com/hapur-news-body-of-unidentified-man-found-in-a-marshy/

ये भी देखें : https://www.instagram.com/reel/DdV6RpwBEmE/?stkn=MXQ0aTV6YmtkMjlseg==